अधिकारियों ने नीति आयोग के समक्ष रखी राज्य की वर्तमान स्थिति

जमशेदपुर दौरे पर नीति आयोग की टीम

रांचीः नीति आयोग की टीम बुधवार को राज्य के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक होटल रेडिशन ब्लू में हुई। इसमें राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह सहित कई आला अधिकारी मौजूद थे। मौके पर पदाधिकारियों ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी के समक्ष राज्य में चल रही केन्द्रीय योजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। बैठक में राज्य में सुखाड़ की स्थिति पर भी चर्चा हुई। राज्य में सुखाड़ की स्थिति पर राज्य सरकार की ओर से रिपोर्ट भी आयोग के समक्ष रखी गयी। कहा कि समस्याओं से निजात के लिए केंद्र सरकार का सहयोग जरूरी है।
मौके पर नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ने कहा कि वे पहली बार झारखंड आये हैं। पीएम मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट आकांक्षी जिला को खुद देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार के बीच आयोग सेतु का काम करता है। जहां तक केंद्रीय योजनाओं की बात है तो रांची के प्रखंड का दौरा किया, लोगों से बात भी की और समस्याओं से रू-ब-रू हुए हैं।
झारखंड दौरे के क्रम में नीति आयोग की टीम पहले दिन बैठक के बाद जमशेदपुर के लिए रवाना हो गयी। जहां एक्सएलआरआइ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेगी। नीति आयोग की टीम में नीरज सिन्हा, राकेश रंजन आदि शामिल हैं। दो दिवसीय इस दौरे में नीति आयोग की टीम के साथ मुख्यमंत्री के साथ भी बैठक होनी थी, लेकिन यह स्थगित हो गयी।

#अधिकारियों ने नीति आयोग के समक्ष रखी राज्य की वर्तमान स्थिति