रांची के 3 कॉलेजों में ऑटोनोमस का दर्जा हुआ समाप्त

रांची : यूजीसी द्वारा रांची महिला कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज और सेंट जेवियर्स कॉलेज को दी गई स्वायत्त स्थिति को रद्द कर दिया गया है। इन तीनों कॉलेजों को चलाने की जिम्मेदारी रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने ली है। कुलपति डॉ. अजीत कुमार सिन्हा के निर्देश पर कुलसचिव डॉ. एमसी मेहता ने अधिसूचना जारी की है। रांची विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इस संबंध में यूजीसी को पत्र भेजकर स्वायत्त दर्जा वापस लेने की जानकारी दी है। इसके अलावा राज्यपाल के ओएसडी, उच्च शिक्षा निदेशालय व तीनों महाविद्यालयों के प्राचार्य को भी इस बारे में अवगत करा दिया गया है।

विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि मारवाड़ी महाविद्यालय को वर्ष 2015-16 से 2020-21 तक स्वायत्तता का दर्जा प्राप्त था। जबकि, यह 2021-22 में खत्म हो गया। इसी प्रकार रांची महिला महाविद्यालय को 2017-18 एवं 2021-22 तक स्वायत्त दर्जा प्राप्त था, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। सेंट जेवियर्स कॉलेज को 2017-18 से 2021-22 तक स्वायत्त दर्जा मिला था, जो समाप्त हो गया।

पत्र में कहा गया है कि इन कॉलेजों को नैक से ए ग्रेड की मान्यता मिलनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। स्वायत्तता के समय निर्धारित नैक ग्रेडिंग अनिवार्य है। लेकिन, कॉलेज की तरफ से ऐसा नहीं हो सका। इसके अलावा एनबीए द्वारा निर्धारित अंक भी नहीं ला सके। इसलिए, यूजीसी के नियमों के अनुसार, ये कॉलेज स्वायत्तता के पात्र नहीं हैं। विश्वविद्यालय ने यूजीसी को सूचित किया है कि उनके निर्देशों के आलोक में विश्वविद्यालय ने स्वायत्तता का दर्जा देने के अपने आदेश को वापस ले लिया है।

ऑटोनोमस का दर्जा रहने की स्थिति में तीनों कॉलेजों को परीक्षा लेने, मूल्यांकन व रिजल्ट निकालने का अधिकार था। लेकिन ऑटोनोमस का दर्जा समाप्त होने के बाद से नामांकित विद्यार्थियों की परीक्षा अब विवि द्वारा ली जायेगी। अधिसूचना में कहा गया है कि अब तीनों कॉलेजों की स्थिति ऑटोनोमस का दर्जा मिलने से पूर्व की तरह हो गयी है।

मारवाड़ी कॉलेजयूजीसीरांची महिला कॉलेज