अपहरण कर मांगी 30 लाख की फिरौती, दीघा से 3 गिरफ्तार

 

कोलकाता: आनंदपुर थाना अंतर्गत उत्तरी पंचानग्राम निवासी राजमुल शेख को बीते गुरुवार को कोलकाता एक रेस्तरां के पास से अपरहण कर लिया गया था। इसके बाद उसकी फिरौती के लिए 30 लाख रुपये की मांग की गयी थी। इस घटना में पुलिस ने 3 लोगों को दीघा से गिरफ्तार किया है। इसके साथ अपहृत व्यक्ति को भी बचा लिया गया है। आरोपियों का नाम मुख्तार मोहम्मद, अलकास खान और मसीउर खान हैं।

क्या है घटना

राजमुल शेख रेस्तरां से निकलने के बाद अपनी कार में बैठा। आरोप है कि वहां से 6-7 युवकों के समूह ने उसका अपहरण कर लिया। उसकी कार भी छीन ली गई। अपहरण के कुछ समय बाद से राजमुल के परिजनों के पास लगातार फोन आने लगे। उन लोगों को डराया भी जाता था। ये सभी फोन अज्ञात नंबर से आ रहे थे। इस दौरान अपहरण करने वालों ने राजमुल के परिजन से 30 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। साथ में पुलिस को खबर नहीं करने भी चेतावनी दी। इस बीच अपहरणकर्ताओं के डर से उसके परिजन पहले पुलिस के पास नहीं गये। आखिरकार आरिफ मोहम्मद नाम के शख्स ने तिलजला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी।

पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। आरोपियों के मोबाइल टॉवर का लोकेशन ट्रैक किया गया। तिलजला पुलिस स्टेशन और गुंडा दमन शाखा के पुलिस अधिकारी पता लगाने के लिए दीघा पहुंचे। पुलिस ने शनिवार की शाम राजमुल को दीघा से मुक्त कराया। मुख्तार खान मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इनके साथ किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह के तार जुड़े हैं।

Kidnapping