मोतिहारी : आग ने ली 8 लोगों की जान

मोतिहारी के ईंट -भट्ठा चिमनी में ब्लास्ट

मोतिहारी : बिहार के मोतिहारी में एक भीषण घटना घटी है। दरअसल, रामगढ़वा के नरीलगिरी में ईंट भट्ठा चिमनी में ब्लास्ट हुआ है। ब्लास्ट इतना भयानक था की जिसमें 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें 16 लोगों के घायल होने की भी खबर आई है। रातभर से चल रहा राहत बचाव कार्य फिलहाल खत्म हो गया है।

बताया जा रहा है कि इस सीजन में पहली बार चिमनी को शुरू किया गया था। चिमनी से निकलता धुआं देख सभी लोग खुश थे। लेकिन अचानक से तेज धमाका हुआ, धुएं के प्रेशर की वजह से चिमनी के ऊपर का हिस्सा फट गया। जिसके मलबे की चपेट में आने से ये मौतें हुई हैं। मरने वालों में चिमनी के मालिक भी शामिल है। घना कोहरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में देरी हुई। यहां तक की रात में बचाव कार्य को बंद भी करना पड़ा। फिर शनिवार सुबह से ऑपरेशन शुरू किया गया।

घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया है कि चिमनी मालिक के अलावा 40 से 50 लोग मौजूद थे। चिमनी में आग फूंकने में हम लोग उसमें लकड़ी डाल रहे थे। फिर पेट्रोल और मोबिल डाल कर चिमनी में आग लगाई गई। धुआं कर कुछ लोग उतर गए थे। कुछ लोग चिमनी के ऊपर ही खड़े थे। आग जैसे ही पकड़ी, बलास्ट हो गया। जोर की आवाज हुई और उसके बाद चीख-पुकार मच गया।

पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने जताया दुख
इस भीषण घटना पर पीएम मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इसके साथ ही मरने वालों के परिवार को PMNRF से 2 लाख रुपए और घायलों को भी 50 हजार की मदद का ऐलान किया है। वहीं राज्य के मुखिया नीतीश कुमार ने ट्वीट करते हुए कहा कि ‘पूर्वी चम्पारण जिले के रामगढ़वा थाना क्षेत्र में ईंट-भट्ठे की चिमनी फटने की घटना दुःखद। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है’। इसके अलावा उन्होंने ट्वीट करके मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रू० दिए जाने की घोषणा भी की है।

blastfiremotihari