जय-वीरू के बाद एमपी चुनाव में अब श्याम और छेनू की एंट्री

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव काफी रोचक होता जा रहा है। प्रचार के दौरान  नेतागण  विपक्षी नेता पर वार करते हुए कभी उन्हें फिल्मी कैरेक्टर्स नाम से संबोधित करते हैं तो कभी फिल्म को कोई डायलॉग ही कहते है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतना में बिना नाम लिये कांग्रेस नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को श्याम और छेनू बता दिया। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि विंध्य क्षेत्र में केवल बीजेपी सरकार के कार्यकाल में ही विकास हुआ है।

मध्य प्रदेश के सतना में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर पलटवार किया है। शिवराज ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को हमेशा अपने परिवारों की चिंता रहती है। उस पार्टी में हर कोई अपने- अपने बेटे-बेटी को ही स्थापित करने में लगा है जनता की किसी को फिक्र ही नहीं। इसी दौरान शिवराज ने कांग्रेस पार्टी के नेता कमलनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वह अपने बेटे को स्थापित करने में जुटे हैं.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि सिर्फ कमल नाथ ही नहीं बल्कि दिग्विजय सिंह भी अपने बेटे जयवर्धन सिंह को स्थापित करने में जुटे हैं। इसी दौरान उन्होंने तंज कसा कि इंडी गठबंधन तो बनने से पहले ही बिखर गया। उन्होंने नीतीश कुमार के हालिया बयान का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

ये जय-वीरू नहीं श्याम और छेनू की जोड़ी है- शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के ये दोनों नेता खुद को जय-वीरू की जोड़ी बता रहे हैं लेकिन अब ये जय-वीरू की जोड़ी नहीं है बल्कि श्याम और छेनू की जोड़ी है। उन्होंने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का बिना नाम लिये कहा कि एक फिल्म आई थी-मेरे अपने, जिसमें श्याम और छेनू अपने-अपने मोहल्ले में कब्जे के लिए लड़ते थे। उन्होंने कहा कि ये जोड़ी प्रदेश का भला नहीं कर सकती।

 

 

 

jay-veerump electionsShivraj Singh Chouhan