अवधेश गोलीकांड : आरोपित चितरंजन को Patna से Ranchi लाया गया, पेशी के बाद भेजा गया जेल

रांची : रांची के कांके थाना क्षेत्र में जमीन कारोबारी अवधेश यादव पर दिनदहाड़े गोली चलवाने के आरोपित चितरंजन कुमार को पटना स्थित बेऊर जेल से शुक्रवार को रांची लाया गया। इसके बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने चितरंजन को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया। इससे पूर्व पटना पुलिस और रांची पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच चितरंजन को रांची सिविल कोर्ट लाया गया।

ये भी पढ़ें : अवैध खनन मामले में टिंकल भगत ने ED कोर्ट में दायर की जमानत याचिका

चितरंजन एक्साइज एक्ट के मामले में बेऊर जेल में बंद था। उसपर पटना के गांधी मैदान थाना में 30 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके अलावा रांची के गोंदा और कांके थाना में पहले से केस दर्ज है। इस संबंध में 19 सितंबर को कांके थाना के अनुसंधान पदाधिकारी ने रांची सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की कोर्ट में आवेदन दिया था। उल्लेखनीय है कि बीते 14 सितंबर को जमीन कारोबारी अवधेश यादव को कांके थाना के ब्लॉक चौक पर गोली मार दी गई थी। अवधेश एक निजी अस्पताल में इलाजरत हैं।