डानकुनी में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका कल्याण बनर्जी का पुतला

इससे पहले बुधवार को हुगली जिले के वैद्यबाटी में कल्याण बनर्जी का पुतला फूंका गया था

हुगलीः भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की कल्याण बनर्जी द्वारा की गई मिमिक्री के बाद उत्पन्न विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। संसद से सड़क तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी का विरोध कर रहे हैं। इसी क्रम में कल्याण बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र श्रीरामपुर के डानकुनी में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कल्याण बनर्जी का पुतला फूंका।

इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सड़क रोककर कल्याण बनर्जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, थोड़ी ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई और विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम कर रहे कार्यकर्ताओं को हटा दिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के इस कार्यक्रम में श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजपा अध्यक्ष मोहन अदक, श्रीरामपुर सांगठनिक जिला भाजयुमो अध्यक्ष अर्णव घोष, भाजयुमो डानकुनी मंडल के अध्यक्ष आकाश सावटिया सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दूसरी तरफ, उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ के अपमान से गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुगली जिले के चुंचुड़ा में राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस दौरान पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई और पुलिस ने एक भाजपा कार्यकर्ता को हिरासत में लिया।

इससे पहले बुधवार को हुगली जिले के वैद्यबाटी में कल्याण बनर्जी का पुतला फूंका गया था। उल्लेखनीय है कि संसद से बहिष्कृत होने के बाद संसद परिसर में तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी उपराष्ट्रपति की मिमिक्री कर रहे थे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एवं अन्य उसका वीडियो बना रहे थे। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद से ही पूरे देश में कल्याण बनर्जी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन की निंदा हो रही है।

Vice President of India Jagdeep Dhankharभाजयुमो कार्यकर्ताओं ने फूंका कल्याण बनर्जी का पुतलाभारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़