धनबाद के तोपचांची में बम ब्लास्ट, कई लोग घायल

जांच में जुटी पुलिस 

धनबाद: जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र कहे जाने वाले तोपचांची थाना इलाके में बम विस्फोट हुआ है। थाना क्षेत्र से महज कुछ ही दूरी पर एक बाइक की डिक्की में बम रखा गया था, जो फट गया।

यह घटना तोपचांची चौक के पास हुई है। बम विस्फोट में बाइक सवार के साथ-साथ इलाके में सब्जी बेच रही कई महिलाएं भी घायल हुई हैं।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं बम ब्लास्ट होने से पांच लोग घायल बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज धनबाद मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। यह बड़ी घटना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के धनबाद दौरा के ठीक एक दिन पहले, रविवार को हुई है। सोमवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन धनबाद के गोविंदपुर स्थित जैप-3 में आईआरबी बटालियन के पासिंग आउट परेड में शामिल होने वाले हैं।

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि तोपचांची थाना क्षेत्र के सब्जी बाजार में एक व्यक्ति पिंटू बर्णवाल अपनी बाइक से सब्जी लेने आया था। सब्जी लेने के बाद जैसे ही उन्होंने बाइक को स्टार्ट किया, इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ। जिससे सब्जी विक्रेता समेत अन्य लोग इस धमाके की चपेट में आ गए। घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा।

मालूम हो कि तोपचांची थाना क्षेत्र में पूर्व में भी बड़ी नक्सली वारदातें हो चुकी हैं। एक बार नक्सलियों ने थाना 9 परिसर में भी हमला कर दिया था और हथियार लूट लिए थे। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस समेत पुलिस के कई वरीय पदाधिकारी पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं।

साथ ही उस स्थान को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। अभी कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। बाइक सवार घायल व्यक्ति ने बताया कि सब्जी लेने के समय जैसे ही डिक्की को खोला उसमें ब्लास्ट हो गया। वह गिरिडीह जिला के बगोदर से गोमो जा रहा था। अब वह व्यक्ति कितना सच कह रहा है या फिर आगे की क्या प्लानिंग थी। इन सभी बिंदुओं की जांच में पुलिस जुट गई है।

कई लोग घायलधनबाद के तोपचांची में बम ब्लास्ट