पेशाब कांड के आरोपी के घर चला बुलडोजर, घर उजड़ता देख रो पड़ी मां

मध्यप्रदेश के सीधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जहां एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति पर पेशाब कर रहा है। वहीं अब इस पेशाब कांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपी के घर बुलडोजर चला दिया गया है। इस दौरान पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही। प्रवेश शुक्ला का घर बुलडोजर से गिरा दिया गया है। कार्रवाई के दौरान एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि घर गिरता देख आरोपी प्रवेश शुल्का की मां फूट-फूट रो रही हैं। इस दौरान कुछ महिला सिपाही उनको संभालने की कोशिश कर रही हैं।

बता दें कि आरोपी प्रवेश शुक्ला बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला के पूर्व प्रतिनिधि है। उसके पिता रमाकांत शुक्ला किसान हैं। पूर्व में उपसरपंच रह चुके हैं। बुलडोजर कार्रवाई के दौरान आरोपी के घर पर तहसीलदार सीधी, एसडीएम, SDOP सहित भारी पुलिस बल मौजूद थे। बता दें कि प्रवेश शुक्ला का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह एक आदिवासी मजदूर पर पेशाब करते दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने का बाद प्रवेश शुक्ला फरार हो गया था। मंगलवार देर रात करीब दो बजे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रवेश शुक्ला बीजेपी का कार्यकर्ता है। हालांकि कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी चाहे जो भी हो उसे कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने आरोपी पर एनएसए तक लगाने के आदेश दिया है।

वहीं गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि आरोपी के घर बुलडोजर की कार्रवाई की जाएगी। प्रवेश शुक्ला के पिता रमाकांत शुक्ला का कहना है कि इस घटना से हम लोग बहुत व्यथित हैं। ये वीडियो भी फर्जी है। ये स्पष्ट रूप से समझ आ रहा है। ये हमें फंसाने की साजिश है।

साथ ही आरोपी के पिता रमाकांत शुक्ला ने सवाल किया कि ये वीडियो अभी क्यों वायरल हुआ, पहले क्यों नहीं हुआ? इससे समझ में आ रहा है कि उसे फंसाया जा रहा है। उसने बताया था कि उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। कुछ लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। उससे चार लाख रुपये की मांग की जा रही थी। उनका कहना है कि इस वीडियो की जांच की जाए। अगर उसमें सत्यता है तो उनके बेटे को फांसी पर चढ़ा दिया जाए।

toilet case