आंध्र प्रदेश में 10वीं कक्षा के छात्र को जलाया गया जिंदा

आंध्र प्रदेश से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां प्रदेश के बापटला जिले में शुक्रवार को कुछ लोगों ने 10वीं कक्षा के एक छात्र को जिंदा जला दिया। वह ट्यूशन के लिए जा रहा था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 15 साल के यू अमरनाथ के रूप में हुई है। वहीं पुलिस को जब मामले की सूचना दी गई तो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद छात्र को गंभीर हालत में गुंटूर के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह वह साइकल से ट्यूशन जा रहा था। इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उसे रेडलापलेम के पास रोक लिया। देखते ही देखते उसके ऊपर पेट्रोल डालना शुरू कर दिया और फिर आग के हवाले कर दिया। इसके बाद आग लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

जैसे ही अमरनाथ के ऊपर माचिक की तीली जलाकर फेंकी गई। वैसे ही वह चिल्लाने लगा। इसके बाद चीख सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग बुझते ही उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसने पुलिस को बयान दिया कि वेंकटेश्वर रेड्डी और कुछ अन्य लोगों ने उसे आग के हवाले किया। इस बीच अमरनाथ के दादा रेड्डैया का कहना है कि हत्या के लिए अमरनाथ की बहन को परेशान करने वाला लड़का जिम्मेदार है।