कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी हिला रहे हैं कांग्रेसी

कुछ लोग प्रदेश अध्यक्ष को स्वीकार करने को तैयार नहीं

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर पूरी तरह से पूर्व प्रभारी आरपीएन सिंह के प्रभाव में हैं। वे लगातार उनसे संपर्क में हैं। वे अपने विचारों को कांग्रेस में थोप रहे हैं। इसके खिलाफ पार्टी के अंदर जबरदस्त विरोध है। यह कहना है कि नवगठित प्रदेश कांग्रेस कमिटी में महासचिव बनाए गए आलोक दुबे का।

रांची के राजकीय अतिथिशाला में सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष की कार्यशैली से नाराज कई कांग्रेसियों की एक अहम बैठक बुलायी गयी। बैठक में सभी सदस्यों ने राजेश ठाकुर को प्रदेश अध्यक्ष से हटाने का बिगुल फूंका. फैसला हुआ कि 24 दिसंबर से प्रदेश अध्यक्ष को हटाने को लेकर उनके गृह जिला बोकारो से विरोध प्रदर्शन की शुरूआत होगी।

उसके बाद विरोध प्रदर्शन विभिन्न जिलों में होगा। प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय रांची आएंगे, तो कार्यकर्ताओं की मनोदशा से उन्हें अवगत कराया जाएगा। जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित वरिष्ठ नेताओं से मिलकर अपनी बातों को रखेंगे।

बिना इंटरव्यू दिए व्यक्ति को जिला अध्यक्ष बनाया गया, जो दिए थे उसे साजिश के तहत हटाया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमिटी में शामिल किए गए कई सदस्य उपस्थित थे।

चुने हुए पदाधिकारियों में लालकिशोर नाथ शाहदेव, डॉ राजेश गुप्ता, सचिव चुने गए साधु चरण गोप, राकेश तिवारी, भरत रावत, ललन चौबे, मनोज झा, लालकिशोर नाथ शाहदेव सहित लोहरदगा, गोड्डा जैसे जिलों से उपस्थित थे। आलोक दुबे ने कहा, कांग्रेस का कार्यकर्ता एक भी दिन भी इमैच्योर और रहमोकरम के प्रदेश अध्यक्ष को स्वीकार करने को तैयार नहीं होगा।

वहीं साधुचरण गोप ने बताया कि बिना इंटरव्यू के ही बोकारो के जिला अध्यक्ष को चुनना, साहिबगंज में इंटरव्यू देकर जिला अध्यक्ष चुने गए व्यक्ति को हटाकर बिना इंटरव्यू दिए व्यक्ति को जिला अध्यक्ष बनाना प्रदेश अध्यक्ष की साजिश है।

सोनिया गांधी के फैसले पर उठाया जा रहा सवाल : राकेश सिन्हा
प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ हो रहे विरोध पर पीसीसी महासचिव सह प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, राजेश ठाकुर को अध्यक्ष पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर बनाया गया है।

ऐसे में इनका विरोध सोनिया गांधी के फैसलों पर सवाल उठाने जैसा है। सभी जानते हैं कि राजेश ठाकुर के नेतृत्व में झारखंड कांग्रेस मजबूत हो रही है। ऐसे में इनका विरोध करने के काम को कोई सच्चा कांग्रेसी सहन नहीं करेगा।

 

यह भी पढे़ं – रांची के बड़ा तालाब में गिरी कार

 

# कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी हिला रहे हैं कांग्रेसी