डेंगू की रोकथाम के लिए सभी पार्षद अभी से रहें तैयार : मेयर

केएमसी की बढ़ी सख्ती, निकाली गयी जागरुकता रैली

कोलकाता। बारिश का मौसम शुरु होते ही कोलकाता तथा उसके आस-पास के इलाकों में डेंगू का प्रकोप बढ़ जाता है। इससे कई लोगों की मौत भी हो जाती है। इस बार डेंगू न फैले, इसको लेकर कोलकाता नगर निगम  पहले से ही तैयारियों में जुट गया है।

कोलकाता नगर निगम की ओर से लोगों को जागरुक करने के लिए शुक्रवार को एक रैली निकाली गयी। यह रैली केएमसी से विभिन्न इलाकों का परिभ्रमण करने के बाद सेंट्रल तक गयी।

इस रैली को रवाना करते हुए कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीम ने सभी पार्षदों को निर्देश देते हुए कहा कि वे लोग अभी से ही डेंगू की रोकथाम के लिए कमर कस लें।

उन्होंने कहा कि पार्षद इस बात पर ध्यान रखें कि उनके इलाके में जलजमाव तथा गंदगी की समस्या न हो। मेयर ने सभी पार्षदों से कहा कि आज यानी शनिवार को वे लोग अपने-अपने वार्ड में एक रैली निकाल लोगों को डेंगू से कैसे बचा जाए, इसके बारे में बताएं।  रैली करने के लिए उन्हें निगम की ओर से राशि भी दी गयी है। इस मौके पर उप मेयर अतीन घोष, पार्षद संतोष पाठक सहित कई लोग मौजूद थे।

 

dengue preventionKolkata Municipal CorporationKolkata Municipal Corporation Mayor Firhad Hakimकोलकाता नगर निगमकोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हकीमडेंगू की रोकथामबारिश का मौसम