डंपर ने बाइक टैक्सी को मारा धक्का, युवती की हुई मौत

घायल की पहचान एंटोनी चक्रवर्ती के रूप में हुई है

कोलकाता: बेहला थानांतर्गत एस.एन.रॉय रोड इलाके में डंपर ने एक बाइक टैक्सी को धक्का मार दिया जिससे एक युवती की मौत हो गयी जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतका का नाम मौली अधिकारी (23) बताया गया है। वह पूर्व मिदनापुर के चंडीपुर की रहने वाली थी। यहां वह जादवपुर में पीजी में रहती थी।

यह भी पढ़े : त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में प्रचार करेगी बंगाल बीजेपी

घायल की पहचान एंटोनी चक्रवर्ती के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 8.30 बजे घटना घटी। दरअसल, मौली ने बाइक टैक्सी बुक की थी। उसे किसी काम से बेहला जाना था। बाइक टैक्सी को एंटोनी चला रहा था। बाइक टैक्सी जब 29 पल्ली से गुजर रही थी तभी पीछे से आ रही डंपर ने धक्का मार दिया। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि डंपर की गति तेज थी।

डंपर के धक्के से बाइक टैक्सी से मौली गिर गयी और आरोप है कि वह डंपर के पिछले चक्के के नीचे आ गयी। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे तुरंत विद्यासागर स्टेट जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं एंटोनी को अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छोड़ दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया।

behlakolkataWEST BENGAL