पूर्वी सिंहभूम डेंगू का बना हॉटस्पॉट, अबतक 6 की मौत

रांची : झारखंड में डेंगू और चिकनगुनिया के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी बीच राज्य का पूर्वी सिंहभूम जिला डेंगू का हॉटस्पॉट बन चुका है, तो वहीं चिकनगुनिया का हॉटस्पॉट रांची है। जनवरी से लेकर अब तक राज्यभर में डेंगू के 1534 और चिकनगुनिया के 240 मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में अब तक डेंगू के 7735 संदिग्ध मरीज मिल चुके हैं। इनमें 891 में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं डेंगू से इस जिले में छह लोगों की मौत भी हो चुकी है। जबकि साहेबगंज में 202, सरायकेला में 109, रांची में 69, हजारीबाग में 43, दुमका में 51, धनबाद में 40, देवघर में 27, चतरा में 14, पाकुड़ में 16, पश्चिमी सिंहभूम में 17, सिमडेगा में 4, लोहरदगा में 6, खूंटी-गिरीडीह में 19 और बोकारो जिले में 5 मरीज मिले हैं। राज्य भर में अब तक 294837 घरों का सर्वे किया गया। इनमें 13933 घरों में डेंगू का लारवा पाया गया है। जबकि 1012580 कंटेनर की जांच की गई है।इनमें 25531 में डेंगू के लारवा मिले हैं।

ये भी पढ़ें : तृणमूल के सैकड़ों कार्यकर्ता दिल्ली रवाना

जनवरी से लेकर अब तक राज्यभर में चिकनगुनिया के 5202 संदिग्ध मरीज मिले हैं। इनमें 240 में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है। रांची में 1281 संदिग्ध मरीज मिले। इनमें 162 में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है। जबकि पूर्वी सिंहभूम में 2190 संदिग्ध मरीज मिले। इनमें 56 में चिकनगुनिया की पुष्टि हुई है।देवघर में 10, गोड्डा में 8 और लोहरदगा में 4 मरीज मिले हैं। शुक्रवार रात तक राज्यभर में डेंगू के 41 मरीज मिले हैं। इनमें पूर्वी सिंहभूम में 19, पाकुड़ में पांच, चतरा में सात, धनबाद में चार, दुमका में तीन, हजारीबाग में एक और सिमडेगा में दो मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में डेंगू के 60 एक्टिव मरीज हैं।