राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने ममता की चर्चिल-मिल्टन-कलाम से की तुलना

बंगाल के लोगों को ममता बनर्जी पर गर्व

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में उच्च शिक्षा में योगदान के लिए सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय ने सोमवार को सीएम ममता बनर्जी को डी.लिट की मानद उपाधि से सम्मानित किया। इस दिन न्यूटाउन कैंपस में आयोजित दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी मौजूद थे।

ममता बनर्जी को राज्य की उच्च शिक्षा प्रणाली और विकास गतिविधियों में उनके योगदान के लिए सेंट जेवियर्स यूनिवर्सिटी ने डी.लिट से सम्मानित किया। इस पर राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सीएम ममता बनर्जी की काफी तारीफ की।

राज्यपाल ने ममता बनर्जी की तुलना सर्वपल्ली राधाकृष्णन, एपीजे अब्दुल कलाम व अटल बिहारी वाजपेयी से की।

इतना ही नहीं, उन्होंने ममता को विंस्टन चर्चिल और मिल्टन के साथ एक आसन पर भी बिठाया। सीवी आनंद बोस ने कहा, ममता उन राजनेताओं में से एक हैं जिन्होंने साहित्य में भी एक अनोखी मिसाल कायम की है। साहित्य में उनकी उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई देता हूं।

राज्यपाल बोस ने स्वयं सीएम ममता बनर्जी को डी.लिट की मानद उपाधि प्रदान की। इसके बाद राज्यपाल बोस ने कहा, सेंट जेवियर्स विश्वविद्यालय ने एक योग्य महिला को यह सम्मान दिया है। यह कोई राजनीतिक सम्मान नहीं है।

इसे भी पढ़ेंः त्रिपुरा में बोलीं ममता, मैं आपको बीजेपी के अत्याचार से बचाने आई हूं

राजनीति में उनकी उपलब्धियों के लिए लोगों ने उन्हें सम्मानित किया है। यह सम्मान उनके साहित्य, चित्रों और उनकी कविताओं के लिए है। पश्चिम बंगाल के लोगों को ममता बनर्जी पर गर्व है।

वहीं, डी.लिट की उपाधि से सम्मान मिलने के बाद ममता बनर्जी भाव विभोर हो गई। ममता बनर्जी ने कहा, मैं यह सम्मान पाकर बहुत भावुक हूं। मेरी ओर से सेंट जेवियर्स परिवार को बहुत-बहुत धन्यवाद।

ममता ने कहा, मैं यह डिग्री आम लोगों को समर्पित करती हूं। क्योंकि मैं हमेशा एक साधारण इंसान बनना चाहती हूं। मैं खुद एक आम इंसान हूं, मैं आम लोगों के लिए हूं। जो कुछ हूं जनता की बदौलत हूं। मैं अपनी ओर से इस सम्मान को देश की आम जनता और प्रदेश की आम जनता को समर्पित करना चाहती हूं।

Governor CV Anand Bose compared Mamta to Churchill-Milton-Kalam