Jharkhand में गर्मी का सितम जारी, राजधानी रांची का तापमान गिरा

रांची : झारखंड मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राज्य के लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. मौसम विज्ञान केंद्र रांची की रिपोर्ट की मानें तो तीन मई को मौसम साफ रहेगा. हालांकि, इस बीच सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका के कई इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है. इसी तरह 4 मई को सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में कई जगहों पर भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान लगाया गया है. वहीं, पिछले 24 घंटों में राज्य के 8 शहरों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा. हालांकि, रांची के तापमान में गिरावट देखी गयी है. हालांकि, भीषण गर्मी के बीच लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है। झारखंड मौसम विभाग ने कहा है कि 5 मई से मौसम में बदलाव के संकेत हैं.

 

ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री मोदी की आज झारखंड के चाईबासा में जनसभा, रांची में करेंगे रोड शो

5 मई को संतालपरगना क्षेत्र में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं, 6 मई को भी गोड्डा, दुमका के साथ-साथ देवघर, जामताड़ा, पाकुड़, धनबाद, बोकारो आदि इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 7 मई को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी.  इससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक 8 और 9 मई को पूरे झारखंड में बारिश होगी. इससे अधिकतम तापमान में काफी गिरावट आएगी. मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार तक झारखंड के आठ शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक ही रहा. एक मई तक राज्य के 20 शहरों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि से अधिक था. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 2.6 डिग्री सेसि की गिरावट दर्ज की गयी है. एक मई को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेसि था, जबकि दो मई को अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेसि रिकॉर्ड किया गया. जो सामान्य से 2.6 डिग्री सेसि कम है.