झारखंड के 12 जिलों में हीटवेव का अलर्ट

रांची : झारखंड में फरवरी महीने से ही अपना तेवर दिखा रहा तापमान अप्रैल महीने में पूरे उफान पर रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिडेगा, सरायकेला, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज जिला दो दिनों तक लू की चपेट में रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है. रांची स्थित भारतीय विज्ञान विभाग के वरीय मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अप्रैल में ही मई-जून वाली गर्मी का मुख्य कारण पाकिस्तान, राजस्थान और गुजरात से लगाता आ रहीं गर्म हवाएं हैं.

 

ये भी पढ़ें : रांची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1 गिरफ्तार

इसके कारण रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है. अप्रैल के पहले सप्ताह में ही दिन का अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ने की संभावना है. जबकि छह और सात अप्रैल को राज्य में कई स्थानों पर गर्जन, वज्रपात के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के दूसरे और तीसरे सप्ताह में तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा. बीच-बीच में हलके बादल और बंूदाबांदी से उमस बढ़ सकती है. जबकि अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. अप्रैल के अंतिम सप्ताह में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना है. तापमान 42 से 43 डिग्री पहुंचने की संभावना है और इस दौरान लू भी चलेगी. राज्य में पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। सबसे अधिक 19.3 मिलीमीटर बारिश गढ़वा के नगर ऊंटारी में हुई. वहीं तापमान के मामले में गोड्डा सबसे गर्म रहा। गढ़वा का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.