झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में भाजपा पर जमकर बरसे हेमंत सोरेन

कहा, भाजपा ने राज्य को गर्त में पहुंचा दिया

दुमका :  झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष सह झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भारतीय जनता पार्टी को जमकर कोसा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य को 20 साल में गर्त में पहुंचा दिया। इतनी ही नहीं हम भी राज्य के कुछ बेहतर करने की कोशिश करते हैं तो हमारे पीछे भी ईडी और अन्य संस्थाएं लगा दी जाती हैं। इसके बावजूद हम डरने वाले नहीं है।

सोरेन ने गांधी मैदान में झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा नहीं चाहती है कि यहां के स्थानीय लोग मुख्यमंत्री बनें। इसलिए राज्य गठन होने के बाद बाबूलाल को कुछ ही साल में हटा दिया। फिर अर्जुन मुंडा बने तो उनको भी कार्यकाल पूरा करने नहीं दिया। गुजरात के व्यापारियों की इस पार्टी ने छत्तीसगढ़ से आये रघुवर दास को सीएम बनाकर पांच साल पूरा कराया।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार पर राज्य का कोयले का बकाया एक लाख छत्तीस हजार करोड़ है, जिसे मांगने पर केंद्र देना नहीं चाहती है और भय भी दिखाती है। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल पर भी तंज कसते हुए कहा कि हम कानून बनाएं तो असंवैधानिक और खुद कर्नाटक में बनाया वो सही है। भाजपा के नेता चाहते हैं कि वर्तमान मुख्यमंत्री (हेमंत सोरेन) को गिराकर कैसे खुद पद हथिया लें। साथ ही कहा कि राज्य को ठीक करने के लिए उन्हें और 10 साल चाहिए।

उल्लेखनीय है कि दो फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में झामुमो ने 44वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत में अपराह्न साढ़े चार बजे से एसपी कॉलेज मैदान से रैली निकाली गई। रैली पोखरा चौक से टीन बाजार होते हुए गांधी मैदान पहुंची। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पार्टी के तमाम मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी के पदाधिकारियों सहित पंचायतों से लेकर जिला स्तर तक के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

झामुमो के स्थापना दिवस समारोह में भाजपा पर जमकर बरसे हेमंत सोरेन