राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से मैं आपका हार्दिक अभिनंदन करता हूं – हेमंत सोरेन

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सम्मान में बीते गुरुवार की देर शाम राजभवन रांची में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राष्ट्रपति का धरती आबा भगवान बिरसा की पावन भूमि पर अभिनंदन और जोहार करते हैं। आज हम सभी के बीच देश की राष्ट्रपति उपस्थित हुई हैं। राष्ट्रपति का तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आगमन हुआ है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के बीच कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में इनकी उपस्थिति रही। उन्होनें कहा कि राष्ट्रपति ने झारखंड के नए उच्च न्यायालय भवन का भी उद्घाटन किया। राष्ट्रपति बाबा नगरी देवघर से होते हुए खूंटी तक पहुंचीं। इस दौरान हम लोग भी इनके साथ साथ रहे। राष्ट्रपति ने आम जनों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना तथा समझा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजभवन में भी राष्ट्रपति ने देश के सबसे दुर्गम इलाके में रहने वाले आदिम जनजाति समुदाय की समस्याओं को सुना-समझा तथा निराकरण हेतु प्रयास किया। राष्ट्रपति के साथ इतने घंटे बिताने के बाद भी यह एहसास नहीं हुआ कि हम देश की राष्ट्रपति के साथ हैं बल्कि यह एहसास हुआ कि हम अपने अभिभावक एवं मार्गदर्शक के साथ समय व्यतीत कर रहे हैं। राष्ट्रपति का अचानक गाड़ी से उतर कर महिलाओं के बीच जाना उन्हें तमाम संघर्षों के बीच आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना एक अपनत्व का बोध दिलाता है। निश्चित रूप से राष्ट्रपति का 6 वर्ष झारखंड के राज्यपाल के रूप में कार्यकाल एक अभिभावक और मार्गदर्शक का रहा है। झारखंड के राज्यपाल के रूप में इनका कार्यकाल राज्यवासियों के लिए सदैव यादगार रहेगा।

 

ये भी पढ़ें : हिंसा के बाद 3 दिवसीय दौरे पर मणिपुर जायेंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बताया कि राष्ट्रपति ने अभी-अभी कहा कि मैं ओडिसा से हूँ लेकिन मेरा झारखंड से गहरा संबंध है। आज हमलोगों के लिए गर्व की बात है कि आप देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित कर रही हैं। आप एक मार्गदर्शक के रूप में जो संदेश देते हैं उसका अनुसरण हम सभी लोग करेंगे। हमारी सरकार आपकी सोच के अनुरूप दबे-कुचले लोग जो चुनौतियों का सामना कर रहे हैं उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। आप हमेशा हमारे बीच एक मार्गदर्शक के रूप में रहेंगी। आपकी सोच के अनुरूप ही राज्य में विकास को हम गति देने का काम करेंगे। हमारा प्रयास है कि विकास की राह में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की योजना के साथ-साथ सरकार की नजरें भी पहुंचे। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से मैं आपका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।