ईचागढ़ का आदिनाथ मंदिर जुड़ेगा NH 33 से, केंद्रीय मंत्री ने दी हरी झंडी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन को पत्र भेजकर यह जानकारी दी है।

सूत्रकार, शिखा झा

देवघर : केंद्र सरकार ने सरायकेला जिले के ईचागढ़ स्थित देवलटांड़ के भगवान आदिनाथ मंदिर को एनएच-33 से जोड़ने की मंजूरी दे दी है। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने 2.1 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। सड़क का निर्माण सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन को पत्र भेजकर यह जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने पत्र में कहा है कि श्री जैन के अनुरोध पर इस अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी है।

इस एप्रोच रोड के बनने से जैन धर्म का यह मंदिर एनएच से जुड़ जाएगा और यहां आने वाले लोगों को सुविधा होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए झारखंड दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन ने कहा कि जैन धर्म के अनुयायियों की सुविधा के लिए आपका यह प्रयास सराहनीय है। इस सड़क के बनने से आने वाले समय में देवलटांड़ क्षेत्र का विकास होगा। उधर, रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इसके अलावा ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्थित जैनियों के प्रसिद्ध तीर्थस्थल देवलताड़ में सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। अगले महीने इसका शिलान्यास किया जाएगा।

यह भी देखें : रांची धनबाद एक्सप्रेस वे का शिलान्यास 23 मार्च को