सुबीरेश, जीवनकृष्ण सहित 8 लोगों की एक जून तक जेल हिरासत

शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामलाः

कोलकाताः राज्य में शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में तृणमूल कांग्रेस विधायक जीवनकृष्ण साहा, सुबीरेश भट्टाचार्य सहित 8 लोगों की जेल हिरासत की अवधि बढ़ गयी है।

अलीपुर कोर्ट ने गिरफ्तार अभियुक्तों को एक जून तक जेल हिरासत में रखे जाने का आदेश दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया।

बता दें, भर्ती भ्रष्टाचार मामले में मुर्शिदाबाद के बड़ंचा से तृणमूल विधायक जीवनकृष्ण साहा, एसएससी के पूर्व सलाहकार शांतिप्रसाद सिन्हा, उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और एसएससी के पूर्व अध्यक्ष सुबीरेश भट्टाचार्य और एजेंट शाहिद इमाम, अली इमाम, कौशिक राय को गिरफ्तार किया गया था।

इस सभी अभियुक्तों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। इनमें से शांतिप्रसाद की वर्चुअल माध्यम से अदालत में पेशी हुई।  इसके अलावा ग्रुप डी मामले में ‘बिचौलिये’ प्रदीप सिंह, प्रसन्न राय को भी कोर्ट में पेश किया गया। उन सभी को जेल हिरासत की अवधि बढ़ा दी गई। वर्तमान में ये सभी प्रेसीडेंसी जेल में हैं।

गुरुवार को शांतिप्रसाद, सुबीरेश, शाहिद और अली ने कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दी थी लेकिन कोर्ट ने उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी जबकि अन्य अभियुक्तों ने जमानत के लिए अपील नहीं की।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में पिछले साल 23 जुलाई को राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, जांचकर्ताओं को एक के बाद एक जानकारियां मिलती गईं। पलाशीपारा तृणमूल विधायक माणिक भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया गया।

पार्थ की दोस्त अर्पिता मुखर्जी को गिरफ्तार कर लिया गया। मध्य शिक्षा परिषद के पूर्व अध्यक्ष कल्याणमय गंगोपाध्याय को भी गिरफ्तार किया गया। बाद में हुगली के पूर्व तृणमूल नेता कुंतल घोष, शांतनु बनर्जी, हुगली के प्रमोटर अयन शील को भी गिरफ्तार किया गया।

letes news of west bengalLETEST NEWS OF CBI BENGAL