Jharkhand Weather : राजधानी रांची में छाये बादल…मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से मिली राहत

रांची : मानसून के आगमन से पहले रविवार रात रांची के कुछ इलाकों में हुई बारिश के बाद सुबह में ठंडी हवाएं भी चलीं. आसमान में बादल छाए रहे. सुबह में ठंडी हवाएं चलने से लोगों ने राहत की सांस ली. रांची समेत झारखंड के आधा दर्जन जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में इसमें और गिरावट आने की उम्मीद है. सिर्फ पलामू प्रमंडल में ही लू की स्थिति है. यह सोमवार को भी जारी रहेगी. इसके बाद वहां भी लोगों को लू से राहत मिल सकती है. हालांकि, राज्य में मानसून के प्रवेश के अभी कोई संकेत नहीं मिले हैं.

ये भी पढ़ें : पाकुड़ में भाजपा नेताओं ने की समीक्षा बैठक, संथाल परगना की दो सीटों पर हार को लेकर किया मंथन

रविवार रात तक राजधानी रांची, जमशेदपुर, जामताड़ा, सिमडेगा, कुरडेग में अच्छी बारिश हुई. बारिश के बाद सोमवार (17 जून) को सुबह का मौसम सुहाना हो गया. राजधानी का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री से नीचे चला गया. शनिवार को पलामू सबसे गर्म रहा. यहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा. जमशेदपुर के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई. यहां का तापमान भी 39 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा. गुमला, खूंटी, पाकुड़, सरायकेला, साहिबगंज, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जताया है कि 17 जून को गढ़वा, पलामू और चतरा जिले में लू चल सकती है. अन्य जिलों के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के झोंके के साथ वज्रपात और बिजली गिर सकती है. 17 से 22 जून तक राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश के कारण अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.