लोकसभा चुनाव: जन प्रतिनिधियों के बीच तीखी होती जा रही जुबानी जंग!

जामताड़ा : गोड्डा संसदीय क्षेत्र से अभी तक झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस या फिर इंडिया गठबंधन की ओर से प्रत्याशी की घोषणा भले ही नहीं हुई है लेकिन चर्चा का बाजार गर्म हो गया है। स्थिति यह है की गोड्डा लोकसभा क्षेत्र को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। पहले सांसद निशिकांत दुबे की ओर से गोड्डा लोकसभा क्षेत्र को लेकर बयान आया। जिस पर जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने पलटवार किया और उनके बोरिया बिस्तर समेटने की बात कही।

ये भी पढ़ें : रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान हादसा, 3 मजदूर घायल

उनके इस बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सह जामताड़ा से पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र मंडल ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पलटवार करते हुए विधायक इरफान अंसारी को होटवार जेल भेजने की बात कह डाली। भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल ने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे एक विकास पुरुष है जिसकी बराबरी विधायक इरफान अंसारी कभी नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधायक इरफान अंसारी सिर्फ जामताड़ा से विदाउट टिकट मधुपुर ही नहीं जाएंगे बल्कि वहां से सीधा होटवार जेल जाएंगे।