लातेहार में पंचायत समिति सदस्य के घर में हथियार के बल पर 10 लाख की लूट

लातेहार : सदर थाना क्षेत्र के सोहदाग गांव में मंगलवार की रात नकाबपोश डकैतों ने पंचायत समिति सदस्य रेशमा बानो के घर में डकैती कर ली। इस दौरान डकैतों ने लगभग 10 लाख रुपए की संपत्ति लूट कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद बुधवार सुबह पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

ये भी पढ़ें : रांची के मोरहाबादी मैदान में नहीं सजेगा पटाखा बाजार

घटना के संबंध में पंचायत समिति सदस्य रेशमा बानो ने बताया कि रात लगभग 7:30 बजे वे लोग अपने घर में थे। इसी दौरान अचानक कुछ लोग उनके घर का दरवाजा खुलवाने लगे। उनकी सास ने दरवाजा खोला तो दरवाजे पर नकाबपोश अपराधियों को खड़ा देखकर हल्ला करने लगी, जिस पर अपराधियों ने उनकी सास को धक्का दे दिया और हथियार के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद डकैतों ने लगभग डेढ़ घंटे तक घर में लूटपाट की। उन्होंने बताया कि डकैतों की संख्या लगभग छह थी। इनमें पांच डकैत हथियार के साथ घर के अंदर थे और एक डकैत घर के बाहर पहरा दे रहा था। उन्होंने बताया कि उनके ससुर कलीम मियां अपना इलाज कराने मंगलवार को ही फैजाबाद जाने के लिए घर से निकले थे। घर में सिर्फ परिवार के चार लोग ही थे। इनमें तीन महिलाएं थी। पंचायत समिति सदस्य ने बताया कि डकैतों ने घर में रखे नगद पैसे के अलावे सभी के जेवरात भी लूट लिए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। इधर इस संबंध में जानकारी मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार के निर्देश पर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही पुलिस चिन्हित कर जेल की सलाखों के पीछे भेज देगी।