मनीष जायसवाल ने हजारीबाग की जनता पर जताया भरोसा

कहा- एक बार फिर भाजपा उम्मीदवार की होगी जीत

रामगढ़ : भारतीय जनता पार्टी ने हजारीबाग लोकसभा सीट से सदर विधायक मनीष जायसवाल को उम्मीदवार घोषित किया है। इस बार नए उम्मीदवार पर पार्टी ने बड़ी उम्मीद जताई है। इस सीट से दो बार सांसद रहे जयंत सिन्हा ने लोकसभा चुनाव 2024 नहीं लड़ने का ऐलान किया था। जिसके बाद भाजपा ने मनीष जायसवाल को हजारीबाग लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित कर दिया। उम्मीदवार बनाए जाने पर मनीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के शीर्ष नेताओं और राज्य कमेटी के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि हजारीबाग की जनता एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाने के लिए उसके उम्मीदवार को जिताएगी। हजारीबाग में भाजपा कार्यकर्ताओं की बदौलत पिछले कई वर्षों से इसी पार्टी के सांसद रहे हैं। जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन विकसित भारत बनाना है। इसी विजन को पूरा करना हर सांसद का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। अब विकास की इस लकीर को और आगे बढ़ाना है। पूरे देश की जनता इस बार 400 से ज्यादा सीटें एनडीए की झोली में डालेगी।

 

ये भी पढ़ें : लालू के तंज के बाद अमित शाह सहित कई मंत्रियों ने दिखाई एकजुटता

 

रेल नेटवर्क बढ़ाने और विस्थापितों को हक दिलाना उनकी प्राथमिकता

मनीष जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में रेल नेटवर्क को बढ़ाना है। हजारीबाग क्षेत्र कोयलांचल का क्षेत्र है और यहां विस्थापन एक बड़ा मुद्दा है। विस्थापितों को सम्मान के साथ उनका अधिकार दिलाना भी हमारा उद्देश्य है। प्रधानमंत्री यह चाहते हैं कि देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचे। इन एजेंडों को लेकर हम लोग चलेंगे और इसमें युवा, महिला सभी को समाहित करेंगे।

जनता में है उत्साह

हजारीबाग की जनता में मनीष जायसवाल को लेकर बड़ा उत्साह है। जब वह क्षेत्र में घूम रहे थे, तो लोगों ने उनका स्वागत इस तरह किया जैसे उनकी जीत अभी ही सुनिश्चित हो गई है। हजारीबाग के हर इलाके में उम्मीदवार बनने के बाद मनीष जायसवाल घूम चुके हैं। हर जगह कार्यकर्ताओं और जनता का हुजूम उमड़ पड़ा था।

breaking hindi newsbreaking news of jharkhand