पलामू में माओवादियों ने मचाया उत्पात, विधायक के भाई की तीन गाड़ियां फूंकीं

पलामू : पलामू में भाकपा माओवादियों ने तीन वाहन फूंक डाले हैं। जलाए गए सभी वाहन हुसैनाबाद विधायक कमलेश सिंह के भाई विनय कुमार सिंह के हैं। विनय कुमार सिंह हैदरनगर में डंडिला से सड़ेया तक का रोड निर्माण करवा रहे हैं। बुधवार की रात भाकपा माओवादियों का एक दस्ता डंडिला के इलाके में पहुंचा था और एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को फूंक दिया।

ये भी पढ़ें : Bigg Boss OTT 3: ‘2 शादियों को सही ठहरना बंद करो’ अरमान मलिक पर भड़के यूज़र्स, बोले – ये गलत है

पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।डंडिला से सड़ेया तक का रोड निर्माण कार्य अभय कंस्ट्रक्शन के द्वारा करवाया जा रहा है। अभय कंस्ट्रक्शन विधायक कमलेश सिंह के भाई विनय कुमार सिंह का है।अभय कंस्ट्रक्शन ने रोड का निर्माण कार्य शुरू किया था। विनय कुमार सिंह का कहना है कि लेवी के लिए उन्हें उग्रवादियों से धमकी मिल रही थी, जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी थी। विनय कुमार सिंह का हरिहरगंज के इलाके में पुल का निर्माण कार्य चल रहा है, जबकि डंडिला के इलाके में रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। हरिहरगंज में टीएसपीसी के तरफ से धमकी दी गई थी जबकि डंडिला के इलाके में माओवादियों के तरफ से धमकी दी गई थी। धमकी मिलने के बाद पुलिस ने जगुआर के नेतृत्व में इलाके में अभियान शुरू किया था। रोड निर्माण से जुड़े वाहनों को सड़ेया के इलाके में रखा जाता था। घटना से पहले वाहनों को डंडिला के इलाके में रखा गया था, जहां पर माओवादियों ने घटना को अंजाम दिया है। घटना के पीछे 15 लाख इनामी माओवादी कमांडर नितेश यादव का हाथ बताया जा रहा है।