पलामू : झोला छाप डाक्टर मो. फिरोज खान उर्फ रहमान अपहरणकांड के मास्टरमाइंड दिग्विजय सिंह उर्फ डिक्कू को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जिले के तरहसी थाना क्षेत्र स्थित ससुराल से पकड़ा गया। घटना के बाद से आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा फिर रहा था। उसने अपने ससुराल में शरण ले रखी थी। गुप्त सूचना पर हुसैनाबाद पुलिस ने छापामारी कर दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहरणकांड में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार (जेएच 01 एम 1212) को भी बरामद किया है। जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है।
ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की हुई बैठक
26 फरवरी की शाम पेट दर्द से पीड़ित मरीज का इलाज कराने के बहाने डा. रहमान को क्लीनिक से बाहर बुलाकर अपहरण कर लिया गया था। इस घटना में शामिल तीन आरोपियों प्रिंस कुमार सिंह उर्फ चिकू सिंह, चंदन कुमार सिंह एवं अभय कुमार सिंह उर्फ मिकू को गिरफ्तार कर एक मार्च को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इस घटना को आधा दर्जन से अधिक अपराधियों ने अंजाम दिया था।
एसपी ने जानकारी दी कि हुसैनाबाद के वार्ड नंबर 9 राजटोली के मो. फिरोज खान उर्फ डा. रहमान खान अपहरणकांड के तीन दिन बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं इस कांड का उदभेदन भी किया था। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी हुई थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि कांड का चौथा और मुख्य आरोपी दिग्विजय सिंह उर्फ डिक्कू अपने ससुराल तरहसी में शरण ले रखा है। डाक्टर का अपहरण करने के बाद उसे दिग्विजय सिंह के मेदिनीनगर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित किराये के मकान पर रखा गया था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने अपहरणकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार बरामद की गयी। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। दिग्विजय के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाना में एक मामला दर्ज है। डाक्टर अपहरणकांड में नाज परवीण ने मामला दर्ज कराया था।