व्यवसाइयों की समस्याओं पर चाईबासा में हुई बैठक 

चाईबासा : फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में स्थानीय चाईबासा गौशाला के गोकुल सभागार में कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें AFJCCI के अध्यक्ष किशोर मंत्री ने पश्चिमी सिंहभूम के व्यवसायियों को विश्वास दिलाते हुए कहा है कि जब भी पश्चिम सिंहभूम जिले के व्यवसायियों को कठिनाई होगी, फेडरेशन हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। आज की बैठक में जो समस्याएं सामने आई है, इस पर भी जितनी जल्द हो सकेगा विभागीय मंत्रियों एवं सचिवों से रांची में मुलाकात कर समाधान किया जाएगा। उन्होंने बिंदुवार सभी समस्याओं के संबंध में फेडरेशन द्वारा अभी तक किए गए प्रयास एवं आने वाले दिनों में किए जाने वाले कार्यों के संबंध में बताया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए चाईबासा चेंबर के अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल ने पश्चिम सिंहभूम जिले की राज्य स्तरीय समस्याओं के संबंध में फेडरेशन के अध्यक्ष को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा चाईबासा चेंबर की स्थापना 2001 में हुई थी तब से लेकर आज तक 23 वर्षों का सफर सफलतापूर्वक तय करते हुए आज चाईबासा चेंबर पश्चिम सिंहभूम जिले की सर्वोच्च व्यवसायिक संस्था के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

 

ये भी पढ़ें :  बकाये भुगतान को मांगने का अनोखा तरीका अपनाया है ECL कर्मियों ने

 

जिले की समस्याएं चाईबासा चेंबर द्वारा सुलझा ली जाती है, लेकिन राज्य स्तरीय समस्या का समाधान फेडरेशन द्वारा ही संभव है। जिले की समस्याओं में मुख्य रूप से जिले की बंद पड़ी खदानों , खास महल भूमि के लीज नवीकरण, जिले में उद्योगों की स्थापना एवं पश्चिम सिंहभूम जिले में स्वास्थ्य सुविधा बेहतर करने के संबंध में अध्यक्ष से अनुरोध किया गया। फेडरेशन के कोल्हान के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अपोलो जैसी निजी क्षेत्र के बड़े अस्पतालों की चाईबासा में स्थापना के लिए पहल और प्रयास किये जाने की आवश्यकता बताई। यात्री ट्रेन सुविधा भी बढ़ाने हेतु फेडरेशन के अध्यक्ष से अपने स्तर पर प्रयास करने की अपील की। उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य के विषय में भी अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराया। चाईबासा चेंबर के संस्थापक अनूप कुमार सुल्तानिया के द्वारा चाईबासा चेंबर की स्थापना और उसके द्वारा किये गए कार्यों पर प्रकाश डाला गया। चाईबासा चेंबर के पूर्व अध्यक्ष ललित शर्मा ने भी अपने संबोधन के दौरान राज्य स्तरीय समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान फेडरेशन के द्वारा ही संभव है।