झारखंड में अब रफ्तार पकड़ेगा मॉनसून, 25 से 29 जून तक इन जिलों में भारी बारिश को लेकर IMD का अलर्ट

रांची : झारखंड में मानसून संताल परगना के पाकुड़ और साहेबगंज जिले से प्रवेश करने के बाद अब कोल्हान तक पहुंच गया है। कोल्हान प्रमंडल के जिलों में अरब सागर से चलने वाले टर्फ से मानसून आया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश होगी। संताल परगना और कोल्हान प्रमंडल के कई इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। कहीं-कहीं हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे भी हो सकती है। 26 जून को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी-पूर्वी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 27 को उत्तर पूर्वी जिलों के साथ निकटवर्ती मध्य हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। इधर, झारखंड के कई और जिलों सिमडेगा, गुमला और चाईबासा के कुछ हिस्सों में मानसून प्रवेश कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में पूरे झारखंड को मानसून कवर लेगा। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है। बारिश के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

ये भी पढ़ें : PM मोदी ने सांसद पद की शपथ ली, 18वीं लोकसभा के पहले सत्र की बैठक शुरू

झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 28.5 मिलीमीटर बारिश गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया। चतरा में 22.1, चाईबासा में 71.1, गुमला में 2.4, बोकारो में 2.4, समेत गिरडीह, लोहरदगा और हजारीबाग में भी झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिली। वहीं राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। अगले 24 घंटों में मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन इसके बाद तीन-चार दिनों तक अच्छी बारिश की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार अभी पलामू प्रमंडल में लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। रविवार को पलामू का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पलामू के साथ-साथ गढ़वा का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची का 33.2, जमशेदपुर का 36.4, बोकारो का 34.5, चाईबासा का 35.8, देवघर का 37.2, गिरिडीह का 35.4, गढ़वा का 39.6, सरायकेला 37.4 और गोड्डा का 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।