जमीन कारोबारी की हुई हत्या, कुछ साल पहले हुई थी Love Marriage, पत्नी से पूछताछ जारी

रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के गोविंदनगर निवासी राजकुमार शाही (42 वर्ष) की धारदार हथियार से गोदकर हत्या कर दी गयी। राजकुमार का शव 16 मई को दोपहर में उसके घर के अंदर बिस्तर पर मच्छरदानी में फंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर रातू पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। वहीं घर में शव मिलने की खबर से पुरे सनसनी फैल गयी है। इस घटना के संबंध में मृतक की पत्नी सोनी देवी ने पुलिस को बताया कि वह सुबह सात बजे अपने पति से बात कर रांची के एक मॉल में खरीदारी करने गयी थी। 16 मई को दिन के 2 बजे जब वह घर पहुंची और जैसे ही दरवाज़ा खोली तो राजकुमार शाही मच्छरदानी से उलझा पलंग के नीचे मृत लटके हुए थे। मृतक के चेहरे व गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे और खून बिखरा हुआ था। जिसके बाद सोनी ने घटना की जानकारी पड़ोस में रहने वाले बड़े भाई त्रिशूल शाही को दी। हालांकि जब बड़ा भाई मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि राजकुमार मृत पड़ा हुआ है।

 

ये भी पढ़ें : पत्नी रहती थी मोबाइल में बिजी, पति ने हंसूए से काटा

 

इधर, सूचना मिलने पर रातू पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस पत्नी से पूछताछ कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चार भाइयों में सबसे छोटा मृतक राजकुमार शाही मंदार प्रखंड के नारो गांव का रहने वाला था, उसके दो भाई गांव में ही रहते हैं। वहीं राजकुमार ने करीब 10 साल पहले तोतांबी मांडर निवासी सोनी देवी से प्रेम विवाह किया था। उसके बाद से वह घर में नहीं रहता था। रातू में अपनी पत्नी के साथ किराये के मकान में रहता था। अभी कुछ वर्ष पहले उसने गोविंदनगर में जमीन लेकर घर बनाया था। राजकुमार का एक बेटा अंबिकेश शाही है। वह मांडर और रातू थाना क्षेत्र में जमीन का कारोबार भी करता था। छह माह पहले पैतृक संपत्ति का बंटवारा हुआ था उसके बाद पत्नी ने अपने पुत्र के नाम जमीन की रजिस्ट्री करा ली थी।  इधर, मुख्यालय 2 डीएसपी प्रवीण सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच कर छानबीन किया और बताया कि जमीन पर बिखरा खून काला पड़ गया है। इससे प्रतीत होता है कि घटना देर रात की है।