Shootout : मछली पकड़ने को लेकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या

मुर्शिदाबाद : मछली पकड़ने को लेकर हुए विवाद में रानीनगर में हुई गोलीबारी में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक का नाम सुन्नत शेख (65) है। उक्त घटना सोमवार सुबह सागरपाड़ा के खैरमारी छैपाड़ा इलाके में हुई। वहीं घटना में 5 लोग घायल हो गये जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इसे भी पढ़ें : जीवनकृष्ण साहा के पिता ने अपने ही बेटे पर लगाये गंभीर आरोप

स्थानीय सूत्रों के अनुसार खैरमारी टिकटिकिपाड़ा इलाके की रहने वाले सुन्नत रविवार रात अपने परिवार के साथ स्थानीय डैमस बिल में मछली पकड़ने गया था। उस बिल के पास पड़ोसी समीद शेख का तालाब है। इसके लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। समीद के परिवार पर यह आरोप लग गया कि स्थानीय निवासी मुरसेलिम के लोगों ने बिल में नहीं बल्कि तालाब में मछली पकड़ी है। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था। इसके बाद सोमवार को मुरसेलिम के परिजन टिकटिकिपाड़ा के पास स्थित छैपाड़ा मस्जिद में नमाज पढ़ने जा रहे थे। आरोप है कि नमाज अदा करने के बाद घर जाते समय समीद के परिवार वालों ने उसपर हमला कर दिया। आरोप है कि हमला बंदूकों और धारदार हथियारों से किया गया है और सुन्नत को गोली मार दी गई। इसके बाद उसे डोमकल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में सुन्नत के परिवार के 5 और सदस्य घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत गंभीर होने पर उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। वहीं मुर्शिदाबाद जिला पुलिस अधीक्षक सुरिंदर सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

murdermurshidabadShootout