अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश

नवान्न ने पुलिस को जारी किया छह सूत्री आदेश

कोलकाता  : पूर्व मिदनापुर के एगरा में पटाखे की अवैध फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। अब अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर प्रशासन की गाज गिरने वाली है। इसके खिलाफ नवान्न ने पुलिस अधीक्षकों और आयुक्तों को छह सूत्री निर्देश जारी किया है।

नवान्न ने निर्देश दिया कि राज्य में सभी अवैध पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध पटाखा कारखानों के श्रमिकों के लिए वैकल्पिक रोजगार सृजित किया जाए।

पुलिस की ओर से अनियमित पटाखा कारखानों की तलाशी ली जाए और उन्हें बंद किया जाए। जब्त किए गए पटाखा को डिस्पोज किया जाए। जब्त पटाखे को अदालत के आदेश के अनुसार नष्ट किया जाना चाहिए। यदि बड़ी मात्रा में पटाखा जब्त किया गया है तो इसे थोड़ा-थोड़ा करके नष्ट किया जाए। नवान्न ने यह भी निर्देश दिया कि स्थानीय थानेदार यह सुनिश्चित करें कि अवैध पटाखा फैक्ट्री दुबारा उसे शुरू न करें।

गौरतलब है कि एगरा मामले में देखा गया कि मुख्य आरोपी भानु बाग पटाखे की फैक्ट्री चलाता था। उसे गिरफ्तार भी किया गया था। उसके बाद भी जेल से छूटने के बाद उसने फिर से यह धंधा शुरू कर दिया।

भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति को रोकने के लिए नवान्न ने स्पष्ट किया कि स्थानीय पुलिस थाना को यह देखना चाहिए कि अवैध पटाखा फैक्ट्री चलाने वाले फिर से ऐसा न करें।

स्थानीय निवासियों का एक वर्ग ऐसी फैक्ट्रियों में मजदूर के रूप में काम करते हैं। अगर रातों-रात फैक्ट्री बंद कर दी गई तो उनकी रोजी-रोटी का सवाल खड़ा हो जाएगा, इसलिए नवान्न ने निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर स्थानीय प्रशासन की मदद से मजदूरों को दूसरी जगह काम दिए जाए। इसके साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि पुलिस प्रशासन आम लोगों को इसके बार में जागरूक करें।

illegal cracker factorySuperintendents of Police and Commissionersअवैध पटाखा फैक्ट्रीपटाखे की अवैध फैक्ट्रीपुलिस अधीक्षकों और आयुक्तोंपूर्व मिदनापुर के एगरा