झारखंड के लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, इन जिलों में आज हो सकती है हल्की बारिश

रांची : झारखंड में लोग भीषण गर्मी और हीट वेव की मार झेल रहे हैं. आज भी हीटवेव को लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, मौसम विभाग की ओर से थोड़ी राहत की भी खबर आई है. मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि पूर्वोत्तर बिहार से पश्चिम बंगाल और ओडिशा तक बन रहे चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा.आज झारखंड में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं सात मई को छह जिलों रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और देवघर में ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस सिस्टम के प्रभाव से अगले कुछ दिनों में राज्य के तापमान में 04 से 06 डिग्री सेल्सियस की कमी होने की संभावना है.

इससे लोगों को गर्मी से भी कुछ राहत मिलेगी. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे में राज्य पूरी तरह से गर्म हवाओं और लू की चपेट में है. राज्य के 24 में से 20 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि हजारीबाग, लोहरदगा, रांची और साहिबगंज ही ऐसे चार जिले थे, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रहा.साहिबगंज जिले में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस कम है. हजारीबाग का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस, लोहरदगा का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस और रांची का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विज्ञान केंद्र, रांची से प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले 24 घंटे में पूर्वी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस, पलामू का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस, बोकारो का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस, चतरा का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, देवघर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, धनबाद का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और गढ़वा का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा गिरिडीह का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस, गोड्डा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, गुमला का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस, जामताड़ा का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस, खूंटी का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस, पाकुड़ का अधिकतम तापमान 43. 6 डिग्री सेल्सियस, रामगढ़ का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस, सिमडेगा का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

 

ये भी पढ़ें : रांची में ED की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की नकदी जब्त