रामलला की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे PM Modi, 122 देशों के कलाकार लेंगे भाग

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि पर निर्माणाधीन मंदिर में श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा जितनी दिव्य होने वाली है, उतनी ही भव्य इसे बनाने की तैयारी की जा रहे है। इस मंदिर में भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा खुद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे जिसके लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। बताया जा रहा है कि इस प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को और भी भव्य बनाने के लिए सात दिन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन सात दिनों में दुनियाभर से लोक कलाकार बुलाए जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में खासतौर पर उन 122 देशों के कलाकारों को न्यौता भेजा गया है जो भगवान राम और उनकी संस्कृति से किसी ना किसी रूप से जुड़े हैं या भगवान राम के भक्त हैं।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की ओर से मिली खबरों के मुताबिक सात दिनों के इस कार्यक्रम में रामलला अपने दिव्य मंदिर में विराजित होंगे। इस मौके पर सात दिनों तक लगातार धार्मिक अनुष्ठान किए जायेंगे। इसके अलावा सात दिनों तक लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होंगे। इस आयोजन में भारतीय राज्यों के अलावा 122 देशों के कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। यह कलाकार कार्यक्रम के दौरान अपने देश की सांस्कृतिक प्रस्तुत करेंगे।

बोर्ड ऑफ ट्रस्ट्रीज ने बताया कि भगवान राम के भक्त सारे विश्व में हैं लेकिन 122 देशों में तो लोग भगवान राम से ना केवल प्रभावित हैं, बल्कि उनके आदर्शों को मानने वाले भी हैं।

इतना ही नहीं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर इसका प्रचार- प्रसार भी किया जायेगा। बोर्ड के मुताबिक इस कार्यक्रम के दौरान रथोत्सव के आयोजन पर गंभीरता से विचार विमर्श किया जा रहा है। बोर्ड के पदाधिकारियों के मुताबिक प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए एक स्मरण पत्रिका लॉन्च करने की योजना है। इस पत्रिका में राम मंदिर आंदोलन से जुड़ी स्मृतियों को सहेजने का प्रयास किया जाएगा। इसमें मंदिर आंदोलन से जुड़े शख्सियत और आंदोलन में उनकी भूमिका का विस्तार से वर्णन किया जायेगा।

pm modiram lallaram mandir