संदेशखाली जाने से बीजेपी की केंद्रीय टीम को पुलिस ने रोका

बंगाल में गुंडा राज की सरकार है: केंद्रीय मंत्री

कोलकाता, सूत्रकार : पश्चिम बंगाल में नॉर्थ 24 परगना जिले में स्थित संदेशखाली में कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर बवाल जारी है। शुक्रवार को संदेशखाली जा रही भाजपा की छह सदस्यीय केंद्रीय टीम को पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने सड़क पर बैठकर जोरदार प्रर्दशन किया। बाद में वे लोग कोलकाता लौट गए।

संदेशखाली से काफी पहले रामपुर में ही टीम को रोक दिया गया। पुलिस ने धारा 144 एंट्री प्वाइंट्स पर लगे होने का दावा करते हुए उन्हें रोक दिया। भाजपा की ओर से बताया गया कि केवल चार लोग जाएंगे लेकिन पुलिस तैयार नहीं हुई। दो लोगों के लिए भी पार्टी की ओर से अनुरोध किया गया लेकिन पुलिस तैयार नहीं हुई जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल सड़क पर बैठ कर जोरदार विरोध प्रदर्शन करने लगा।

टीम मेंबर और भाजपा सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि बंगाल में गुंडा राज की सरकार है। हमने संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से वीडियो कॉल पर बात की। जो महिलाएं हमसे बात कर रही थीं, उन पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। हम बंगाल के गवर्नर से मिलेंगे और उन्हें पूरी जानकारी देंगे।

जेपी नड्डा ने गुरुवार (15 फरवरी) को दो केंद्रीय मंत्री और 4 सांसदों की एक टीएम का गठन किया था। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी कमेटी की संयोजक हैं। केंद्रीय मंत्री, प्रतिमा भौमिक और चार भाजपा सांसद- सुनीता दुग्गल, कविता पाटीदार, संगीता यादव और बृजलाल सदस्य हैं। कमेटी अब नड्डा को संदेशखाली मामले में रिपोर्ट सौंपेगी।

संदेशखाली में महिलाओं ने तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां और उसके साथियों पर यौन उत्पीड़न, हिंसा और जमीन हड़पने के आरोप लगाए हैं। एक महीने पहले ईडी ने राशन घोटाले में शाहजहां के ठिकानों पर छापा मारा था। इस दौरान ईडी की टीम पर हमला हुआ था। तब से शाहजहां ​​​​​फरार है। शाहजहां ​​​​​की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संदेशखाली में पिछले एक हफ्ते से विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। 14 फरवरी को भाजपा के नेता और कार्यकर्ता पीड़ितों से मिलने गए थे। इस दौरान पुलिस से उनकी झड़प हुई। इसके बाद संदेशखाली समेत 7 ग्राम पंचायतों के 500 मीटर के दायरे में 19 फरवरी तक धारा 144 लागू है।

आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया जाना था- अन्नपूर्णा देवी

संदेशखाली में जाने से रोकने पर अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हम पीड़ित बहनों को न्याय दिलाना चाहते हैं। जितनी मुस्तैदी से हमें रोका गया, अगर उसी मुस्तैदी से आरोपियों को पकड़ा जाता तो ये दिन नहीं देखना पड़ता। शाहजहां शेख के गुंडे महिलाओं को प्रताड़ित कर रहे थे। वे न्याय की गुहार लगा रही थीं। बंगाल में गुंडा राज चल रहा है।

भाजपा टीम को रोकने के लिए महिला पुलिस अधिकारी भी तैनान थीं। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से कहा कि आप लोग हमें रोक रही हैं। ऐसा लग रहा है कि यहां महिलाओं पर हुए अत्याचार में आप (लोकल पुलिस) भी तो नहीं मिली हुई हैं। हम महिलाओं से मिलने जाना चाहते हैं, जाने दीजिए।

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने राष्ट्रपति को रिपोर्ट सौंपी

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने शुक्रवार की सुबह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संदेशखाली मामले पर रिपोर्ट सौंपीं। आयोग के अध्यक्ष अरुण हलदर और मेंबर अंजू बाला ने संदेशखाल में गुरुवार को पीड़ित महिलाओं से मुलाकात थीं। अंजू बाला ने कहा थ कि ममता बनर्जी खुद एक महिला सीएम हैं, लेकिन वे कुछ भी बताना नहीं चाहती हैं। वे अपने नेताओं को बचाने की कोशिश कर रही हैं। उनका नाम ममता है, लेकिन उनके दिल में ममता नाम की चीज नहीं है।

BJP central teamNorth 24 Parganasनॉर्थ 24 परगनाबीजेपी की केंद्रीय टीम