महाराष्ट्र में रैलियों को संबोधित करेंगे राहुल गांधी

10 और 18 नवंबर को राहुल की 2 रैलियां

मुंबईः कांग्रेस के नेता राहुल गांधी अपनी ‘भारत जोड़ो’ यात्रा महाराष्ट्र पहुंचने के बाद 10 और 18 नवंबर को राज्य में 2 रैलियों को संबोधित करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा 7 नवंबर को तेलंगाना से महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के देगलूर में मदनूर नाका पहुंचेगी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और यात्रा के प्रदेश समन्वयक बालासाहेब थोराट ने कहा कि राहुल गांधी यात्रा के दौरान महाराष्ट्र में 2 रैलियों को संबोधित करेंगे। वह 10 नवंबर को नांदेड़ जिले में पहली रैली को संबोधित करेंगे, जबकि 18 नवंबर को बुलढाणा जिले के शेगांव में दूसरी रैली को संबोधित करेंगे।

महाराष्ट्र में 14 दिन की अवधि के दौरान 15 विधानसभा और 6 संसदीय क्षेत्रों से यह यात्रा गुजरेगी। इस दौरान राज्य के 5 जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। फिर 20 नवंबर को यह यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

सोमवार को नांदेड़ पहुंचने के बाद अगले दिन सुबह जिले के देगलुर बस स्टैंड से यात्रा फिर से शुरू होगी।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि नांदेड़ जिले में 4 दिन तक यात्रा चलेगी। इसके बाद 11 नवंबर को यह हिंगोली, 15 नवंबर को वाशिम, 16 नवंबर को अकोला और 18 नवंबर को बुलढाणा जिले में प्रवेश करेगी।

यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हाल ही में नांदेड़ जिले का दौरा करने वाले थोराट ने कहा कि राज्य में इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

कांग्रेस के एक अन्य नेता ने कहा कि यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार के 9 नवंबर को पैदल मार्च में हिस्सा लेने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए यात्रा में राकांपा और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को शामिल करने की योजना बनाई है।

इसे भी पढ़ेः तेलंगाना में राहुल गांधी की जनसभा 7 नवंबर को

bharat jodo yatra congressbharat jodo yatra in haripadbharat jodo yatra kya haibharat jodo yatra livebharat jodo yatra newsbharat jodo yatra todaycongress bharat jodo yatra