दिव्यांग व्यक्ति की व्हीलचेयर धकेलते नजर आये राहुल गांधी

‘भारत जोड़ो यात्रा’ पहुंची इंदौर

इंदौरः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर पहुंची। इस दौरान समाज के अलग-अलग तबके के लोगों के साथ-साथ एक दिव्यांग व्यक्ति भी यात्रा में शामिल हुआ और राहुल कुछ देर के लिए उसकी व्हीलचेयर धकेलते नजर आए।

यात्रा में हिस्सा लेने के बाद दिव्यांग मनोहर ने बताया कि उन्होंने राहुल से कहा कि अब देश बदलना चाहिए।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ रविवार को मध्य प्रदेश में 5वें दिन में प्रवेश कर गई। इसमें शामिल लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मस्थली महू में रात्रि विश्राम के बाद राहुल की अगुवाई में पैदल चलना प्रारंभ किया। यात्रा राऊ के उपनगरीय क्षेत्र से गुजरते हुए इंदौर पहुंची।

अधिकारियों के मुताबिक, राहुल और यात्रा में शामिल अन्य लोग शहर के चिमनबाग मैदान में रात्रि विश्राम करेंगे। कांग्रेस की शुरुआती योजना के अनुसार, राहुल और इस यात्रा में शामिल लोगों को इंदौर के खालसा स्टेडियम में ठहराया जाना था लेकिन 8 नवंबर को गुरु नानक जयंती के धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सामने आए विवाद से यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी।

इसे भी पढ़ेः ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से बदला है राजनीति का परिदृश्य : कांग्रेस

स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में कमलनाथ के सम्मान के बाद मशहूर कीर्तनकार मनप्रीत सिंह कानपुरी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों की तरफ स्पष्ट इशारा किया था और मंच से आयोजकों के खिलाफ तीखे शब्दों में नाराजगी जताई थी।

विवाद के बाद भाजपा के स्थानीय नेताओं ने घोषणा की थी कि अगर राहुल की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इस स्टेडियम में कदम रखा तो भाजपा कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर उनका विरोध करेंगे।

bharat jodo yatra madhya pradeshbjp on bharat jodo yatracongress bharat jodo yatracongress party bharat jodo yatrarahul gandhi bharat jodo yatrarahul gandhi bharat jodo yatra latest news