राहुल ने कहा- असम के मुख्यमंत्री हर दिन असम को लूटते हैं

हिमंता का पलटवार, कहा- क़ानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, आप तक जरूर पहुंचेंगे

गुवाहाटी: राहुल गांधी इन दिनों असम में है। असम में इनकी भारत जोड़ों न्याय यात्रा चल रही है। लेकिन जितना विवाद इस राज्य में हुआ शायद ही राहुल को किसी और राज्य में इतनी समस्याओं को झेलना पड़ा हो। आज इसी क्रम में कई जगहों पर झड़प भी देखने को मिली है। इसी को लेकर राहुल गांधी पूरी तरह से असम सरकार पर भड़के हुए नजर आए। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि असम में सबसे भ्रष्ट सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि असम के मुख्यमंत्री हर दिन असम को लूटते हैं।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सवाल पूछा कि गुवाहाटी के जिस रास्ते से अन्य इतनी सारी रैलियां निकाली जा सकती हैं, उस रास्ते से कांग्रेस की यात्रा क्यों नहीं निकल सकती है? उन्होंने कहा कि असम में अन्याय नहीं चलेगा। असम के लोगों को न्याय मिलना होगा।

राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि एक यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ राहुल गांधी की बातचीत का कार्यक्रम था, जिसे यह कहते हुए मना करवा दिया गया कि राहुल गांधी असम के छात्रों से नहीं मिल सकते हैं, लेकिन छात्रों ने यूनिवर्सिटी से बाहर आकर हमारी बातों को सुना। उन्होंने कहा कि हम डरते नहीं हैं। इसका यह प्रमाण है कि हमने प्रशासन के लगाए गए बेरिकेट को उखाड़ फेंक दिया है लेकिन, हम कानून को नहीं तोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कानून को तोड़े, आरएसएस के नेता कानून को तोड़ें, लेकिन हम कानून को नहीं तोड़ेंगे। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि आप बब्बर शेर हैं और आप अपनी ताकत को पहचानें। बस के ऊपर से इससे पहले कांग्रेस नेता जितेंद्र सिंह तथा गौरव गोगोई ने भी भीड़ को संबोधित किया।


दूसरी तरफ असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने असम में हिंसा को लेकर ट्विट किया है। उन्होंने कहा कि प्रमाण सामने आ रहे हैं कि किस प्रकार से राहुल गांधी और जितेंद्र सिंह ने भीड़ को असम पुलिस के जवानों को मारने के लिए भड़काया। हमारे जवान जनता के सेवक हैं, किसी शाही परिवार के नहीं। निश्चिंत रहिए, क़ानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, आप तक जरूर पहुंचेंगे।

ASSAMbharat jodo nyay yatrabjpcongressHIMANTA BISWA SARMAnyay yatrarahul gandhi