उत्तर प्रदेश के एक लाख 62 हजार बूथों से अयोध्या जायेंगे राम भक्त

सभी चीजों का होगा इंतजाम

वाराणसी : कुछ महीने बाद ही लोकसभा के चुनाव की घोषणा हो जाएगी। इसको लेकर केंद्र की सत्ता में बैठी बीजेपी जबरदस्त तरीके से तैयारी कर रही है। इस प्रचार में राम मंदिर सबसे महत्वपूर्ण होने वाला है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के हर बूथ से पांच लोगों को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने की योजना बनाई है। धर्मार्थ कार्य का बड़ा संकल्प लेकर पार्टी 25 जनवरी से इसे मूर्त रूप देगी। 25 जनवरी से 25 मार्च के बीच प्रदेश के एक लाख 62 हजार बूथों से रामभक्तों को रामलला के दरबार में दर्शन पूजन कराया जाएगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल के अनुसार रामभक्तों के लिए वाहन ही नहीं, रहने व खाने की सुविधा भी संगठन की ओर से दी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना में हर बूथ से अधिकतम पांच लोगों का चयन होगा। धर्मयात्रा से पूर्व ही रामभक्तों का पंजीयन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी बूथ कमेटी की होगी। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को विधि विधान पूर्वक् प्रभु श्रीराम की भव्य दिव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसके पश्चात पूरे देश से रामभक्त 25 जनवरी से 25 मार्च के मध्य अपने जिला/लोकसभा क्षेत्र के निर्धारित तिथि पर अयोध्या धाम जाएंगे। सभी जिलों व लोकसभा क्षेत्रों की निर्धारित तिथियों की जानकारी शीघ्र ही भाजपा क्षेत्र संगठन को उपलब्ध करा दी जाएगी।
अभियान में प्रदेश के सभी एक लाख 62 हजार बूथों से 2 से 5 लोगों चयन किया जाएगा। नियत तिथि पर दर्शन के लिए अयोध्या धाम लाने की व्यवस्था संगठन की ओर से होगी। सभी रामभक्तों के अयोध्या धाम से वापस अपने घर सकुशल पहुँचने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अयोध्या धाम से प्रभु श्रीराम का दर्शन करने के पश्चात जब अपने गांव व वार्ड में आएंगे तो वहां रहने वाले सभी नागरिक एक स्थान पर एकत्र होकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे।
इस दौरान अयोध्या की यात्रा व दर्शन-पूजन के अनुभवों को सुनेंगे। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के चित्र पर पुष्पार्चन के बाद प्रसाद वितरित किया जाएगा। पार्टी के काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर दर्शन के लिए प्रदेश से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियां देने के साथ सभी रामभक्तों को अयोध्या लाने से पूर्व परिचय पत्र दिया जाएगा।

Ayodhyabjplok sabha electionram lallauttar pradesh