रूबिका पहाड़िन हत्या मामलाः रांची से साहिबगंज पहुंची सीआईडी टीम

दो धारदार हथियार बरामद

साहिबगंज : साहिबगंज में श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला सामने आया है। महिला की हत्या कर शव के कई टुकड़े कर फेंक दिये गये। यह मामला जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के बोरियो संथाली का है।

महिला की पहचान रूबिका पहाड़िन के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में महिला के कथित प्रेमी दिलदार अंसारी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले की जांच करने रांची से सीआईडी की टीम घटनास्थल पर पहुंच

दूसरी ओर एसपी के नेतृत्व में रुबिका के प्रेमी दिलदार के सभी संबंधियों के घर में छापामारी की गयी। दिलदार के परिजनों की निशानदेही पर मुख्य आरोपी दिलदार के मामा मो. मोईनुल अंसारी के घर से हत्या में प्रयुक्त दो धारदार हथियार बरामद किये गये हैं।

हालांकि मो. मोईनुल अंसारी मौके से फरार हो गया। पुलिस को मिले मानव अंग की पहचान के लिए बोरियो सीएचसी प्रभारी डॉ. सलखु चंद हांसदा और डॉ. विनोद कुमार बोरियो थाना पहुंचे हैं। डॉक्टरों के टीम ने अंगों की पहचान की है। पुलिस को घटनास्थल से एक अंगुली, एक कंधा, एक कूल्हा, एक हाथ, पीठ का निचला हिस्सा, फेफड़ा एवं पेट के अंश मिले हैं।

आरोपियों ने रूबिका पहाड़िन नामक महिला की हत्या करने के बाद शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगह फेंक दिये। शनिवार देर शाम बोरियो संथाली में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के पीछे से पैर का हिस्सा बरामद किया गया। जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर रात में ही एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को पास के एक बंद घर से बोरे में मांस का टुकड़ा मिला।

छानबीन में यह बात सामने आयी है कि रूबिका पहाड़िन की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए उसके शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगह पर फेंक दिये गये। दुमका से रात में ही खोजी कुत्ता बुलाया गया। इसके अलावा जिला मुख्यालय से चिकित्सकों को भी मानव अंगों की जांच पड़ताल के लिए बुलाया गया। मांस के सभी टुकड़ों को पैक कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार की देर शाम बोरियो संथाली पंचायत के मुखिया एरिका स्वर्ण मरांडी के पुत्र मनोज दास ने बोरियो थाने की पुलिस को सूचना दी कि निर्माणधीन आंगनबाड़ी केंद्र के पास कुछ मानव अंग मिले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने वहां पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।

कुछ लोगों से पूछताछ की गयी। इसके बाद पुलिस जहां मानव शरीर का टुकड़ा मिला उससे करीब तीन सौ मीटर दूर बंद पड़े मकान में पहुंची। बंद मकान से बोरे में मांस के टुकड़े व हड्डी बरामद किये गये। जिस बंद मकान से मानव अंग मिले हैं, वहां पुलिस की तैनाती कर दी गयी है। शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर बोरियो में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

 

यह भी पढ़ें – छोटे भाई ने बड़े भाई की रॉड से मारकर कर की हत्या

#रूबिका पहाड़िन हत्या मामलाः रांची से पहुंची सीआईडी टीम