एक ही रात में एक ही गली के सात घरों को बनाया निशाना, इलाके में दहशत

लोहरदगा : झारखंड में एक ही रात में एक ही गली के सात घरों में चोरी हो गई। सभी घरों से लाखों के कैश और गोल्ड गायब हैं। चोरी की इस बड़ी घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। दरअसल, जिन घरों में चोरी हुई है, वहां कोई था नहीं। यानी घर में ताला लगा हुआ था। चोरों ने इसी का फायदा उठाया। यह लोहरदगा की घटना है। लोहरदगा उपनगरीय क्षेत्र शांति नगर किस्को मोड क्षेत्र में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने सात घरों का ताला तोड़कर जेवरात और कैश की चोरी कर ली। शनिवार की सुबह लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर लोहरदगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बाहर गए कई लोग पुलिस के पहुंचने पर भी घर नहीं पहुंच पाए थे। आसपास के लोगों ने बताया कि विवाह समारोह और गर्मी की छुट्टी होने के कारण शिक्षक, रिटायर्ड आर्मी और आर्मी से जुड़े लोग बाहर गए हुए थे। इस क्षेत्र में लंबे समय से जो घरों में नहीं रहते हैं, उनके यहां चोरी की घटनाएं होती रही हैं। यानी चोर रैकी कर पूरे इलाके का जायजा लिया करते हैं। चोर पता लगाते हैं कि किस घर में ताला लगा हुआ है। वहां के लोग बाहर गए हुए हैं, फिर उन घरों में वो चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।

ये भी पढ़ें : गढ़वा में वृद्ध को निवस्त्र कर रस्सी बांध कर कोशो दूर तक घसीटा, 1 गिरफ्तार

जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त आर्मी जवान कोलंबस एक्का, बिरसा उरांव आदि परिवार और बच्चों के साथ गर्मी की छुट्टी होने पर रांची गए हुए थे। लिवेंस एकेडमी की एक शिक्षिका जो किराए के घर में रह रही थी, उनके घर का ताला तोड़कर भी चोरी किया गया। इसके अलावा राम भगत के घर से भी गहनें और नकद की चोरी की सूचना है। नीलम एक्का के घर और इनके किराएदारों के घर में भी चोरी हुई है। एक रात में, एक ही गली में सात लोगों के घरों का ताला तोड़कर चोरी होना निश्चित रूप से बड़ी घटना है। आसपास के लोगों ने बताया कि कोई सिल्ली, चाईबासा, टांगरबसली, रांची आदि गए हुए थे। घरों में ताला लगा था। इस गली में सघन आबादी है। बावजूद इसके चोरों ने बेखौफ होकर सात-सात घरों में ताला तोड़कर जेवरात और नकद के साथ कीमती कपड़े चुरा कर ले गए हैं। संबंधित लोगों के लौट के बाद यह पता चल पाएगा कि उनके घरों से और क्या-क्या सामान चोरी किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुड़ गई है। चोरी की घटना से क्षेत्रीय लोगों में भय व्याप्त है, सभी लोग चिंतित हैं।