बुद्धदेव भट्टाचार्य  की हालत में सुधार के संकेत

सूर्यकांत मिश्र को हाथ हिलाकर दिया जवाब

 

कोलकाता: पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य को देखने के लिए माकपा नेता सूर्यकांत मिश्र अस्पताल पहुंचे। वे वहां काफी देर तक रुके रहे। इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम को आवाज लगाई तो बुद्धदेव ने हाथ हिलाकर जवाब दिया। भला ऐसा भी क्यों न हो, दोनों नेताओं ने लंबे समय तक साथ काम किया है। डॉक्टर कौशिक चक्रवर्ती ने बताया कि पूर्व सीएम की हालत में सुधार हुआ है। कभी-कभी वे अपने हाथ और सर हिलाकर तो कभी पलकें झपकाकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

बता दें कि बुद्धदेव को नींद की गोली देने पर रोक लगा दिया गया है। भोजन राइल ट्यूब के माध्यम से दिया जा रहा है। ऐसे में शरीर को जरूरी पोषक तत्व मुहैया कराने पर विचार चल रहा है। शनिवार शाम को एंटीबायोटिक्स बदल दी गईं। इसलिए उनका सीटी स्कैन रविवार की बजाय सोमवार को किया जाएगा। फिलहाल हृदय संबंधी कोई समस्या नहीं है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शारीरिक बीमारी से जूझ रहे हैं। रक्त शर्करा का स्तर उच्च था, इसलिए इसे इंसुलिन से नियंत्रण में रखा जा रहा है।

डॉक्टरों की राय है कि उनको पूरी तरह से खतरे से बाहर नहीं कहा जा सकता है, जबकि इलाज का थोड़ा असर हुआ है। इस बीच, रविवार की सुबह बुद्धदेव भट्टाचार्य के बेटे सुचेतन भट्टाचार्य अस्पताल गये। इसके अलावा सूर्यकांत मिश्र, विमान बोस और सुजन चक्रवर्ती भी उनसे मिलने के लिए पहुंचे। भांगड़ के आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी भी मिलने के लिए पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से बात की। राज्य के विपक्षी नेता और भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य के स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वह पूर्व मुख्यमंत्री के परिवार और जाने-माने डॉक्टरों के संपर्क में हैं। तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

buddhadev bhattacharya