सिंदरी विधायक के बेटे ने खाया जहर, मौत

मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

रांची : सिंदरी विधानसभा के विधायक इंद्रजीत महतो के बड़े बेटे 27 वर्षीय विवेक कुमार महतो की जहर खाने से मौत हो गई है। रविवार की सुबह जहर खाने के बाद उसका इलाज बरियातू के मेडिका अस्पताल में किया जा रहा था। जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई है। मौत के बाद रिम्स में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए झरिया स्थित बलियापुर ले जाया जाएगा।

मेडिका अस्पताल में इलाज की जानकारी मिलने के बाद सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो की पत्नी सह पूर्व जिप सदस्या तारा देवी, विधायक प्रतिनिधि कुमार महतो, धर्मेंद्र महतो, विधायक के छोटे पुत्र प्रशांत कुमार महतो, पुत्री निशी कुमारी रविवार की रात को ही रांची पहुंचे।

बताया जा रहा है कि विधायक इंद्रजीत महतो का बड़ा बेटा विवेक कुमार महतो मूरी अपने किसी करीबी मित्र के यहां आया हुआ था। उसने वहीं रविवार की सुबह लगभग 10 बजे जहर खा लिया। जहर खाने की जानकारी मिलते ही उसे आनन-फानन में सिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां स्थिति नहीं सम्भलने पर उसे देर शाम बरियातू स्थित मेडिका अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। यहीं उसकी मौत इलाज के क्रम में हो गयी।

रांची के मेडिका अस्पताल में जब उसे भर्ती कराया गया तब वह बातचीत कर रहा था। उसका इलाज डॉक्टर डॉ विजय मिश्रा कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक, सल्फास की गोली खाने के बाद अस्पताल में लाने के दौरान वह एक्टिव था। एडमिट करते ही उसकी गहन जांच की गयी। लेकिन धीरे-धीरे जहर शरीर में फैलने के कारण आज सुबह मल्टी ऑर्गन फेल होने की वजह से उसकी मौत हो गयी।
मिली जानकारी के अनुसार विधायक इंद्रजीत महतो का बड़ा बेटा विवेक महतो दिल्ली में रह कर गेट परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

उसने गोला इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई की थी और एमटेक की पढ़ाई के लिए एडमिशन की तैयारी कर रहा था। बता दें कि विधायक इंद्रजीत महतो के तीन बच्चे हैं। इनमें दो बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे विवेक कुमार महतो की मौत जहर खाने से हुई है।

विधायक इंद्रजीत महतो का बड़ा बेटा विवेक अपने पिता की बीमारी की वजह से स्ट्रेस में था। विधायक इंद्रजीत महतो का हैदराबाद में इलाज चल रहा है। वे लंबे समय से वहां भर्ती हैं। रिम्स में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि तनाव की वजह से विवेक ने यह कदम उठाया है। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि विवेक तनाव में था या नहीं।

सिंदरी विधायक इंद्रजीत महतो पिछले दो साल से हैदराबाद में इलाजरत हैं। मधुपुर उपचुनाव में प्रचार के दौरान कोरोना संक्रमित हुए थे। जिसके बाद उनकी स्थिति गंभीर होती चली गयी। 12 अप्रैल 2021 को विधायक इंद्रजीत महतो को धनबाद के एशियन जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाने की सलाह दी। आक्सीजन लेबर भी नीचे आ गया था। इसके बाद 17 अप्रैल 2021 को एयरलिफ्ट कर हैदराबाद भेजा गया। तब से वे वहीं इलाजरत हैं।

 

मौतसिंदरी विधायक के बेटे ने खाया जहर