उत्तर बंगाल के भाजपा विधायक का आकस्मिक निधन

जलपाईगुड़ी : जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी से भाजपा विधायक विष्णुपद रॉय का 61 वर्ष में निधन हो गया है। मंगलवार सुबह कोलकाता के पीजी अस्पताल में उन्होंने आखरी सांस ली। उन्हें फेफड़ों की समस्या के कारण रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ट्वीट कर पार्टी नेता के निधन पर शोक जताया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ट्वीट कर विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय श्री विष्णुपद रॉय के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनके समय से पहले चले जाने से बंगाल के संसदीय राजनीतिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। मैं श्री रॉय के रिश्तेदारों, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।” जानकारी को अनुसार विधायक का पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह 10:30 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय ले जाया गया। वहां से सुबह 11 बजे विधानसभा ले जाया जाएगा। बाकी के विधायक वहां उनके अंतिम दर्शन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि बिष्णुपद रॉय धूपगुड़ी नगरपालिका के वार्ड नंबर 11 के निवासी थे। रविवार को धुपगुड़ी से कोलकाता विधानसभा सत्र के लिये पहुंचे थे। वह एमएलए हॉस्टल में रुके थे। उन्हें पार्टी कार्यक्रम में शामिल होना था। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक विष्णुपद रॉय को सांस लेने में दिक्कत दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुई। वहां मनोज तिग्गा समेत अन्य विधायक थे। उन्हें तुरंत पीजी अस्पताल ले जाया गया जहां उनका निधन हो गया।

बताया जा रहा है कि उन्हें फेफड़ों की समस्या थी। उनके बेटे प्रदीप्त रॉय ने कहा कि उनके पिता के फेफड़ों और पसलियों के बीच हवा फंस गई थी। इसलिए सांस लेना मुश्किल हो रही थी। रात में सर्जरी भी करनी पड़ी। ऑपरेशन के बाद पिता की हालत स्थिर थी लेकिन मंगलवार सुबह अस्पताल से खबर आई कि वे नहीं रहे।

mla deathvishnupad roy