ठिठुरन शुरू होने पर भी आज से बंगाल में और गिरेगा तापमान

अलीपुर मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार से पारा और गिरेगा

कोलकाताः नए साल के मौके पर कोलकाता में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोलकाता में मंगलवार से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यह सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा।

अलीपुर मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार से पारा और गिरेगा। कुल मिलाकर कोलकाता में इस सप्ताह के अंत तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने वाली है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार तक तापमान 4 डिग्री तक और गिर सकता है। इसके साथ ही कोलकाता में पारा 12 डिग्री को छू सकता है। सप्ताह के अंत तक बिहार, झारखंड के नजदीकी जिलों में शीत प्रवाह की स्थिति विकसित हो सकती है।

उधर, उत्तर बंगाल में अगले 48 घंटे में भी स्थिति ऐसी ही है। शुक्रवार से पारा गिरने के संकेत मिल रहे हैं। रविवार तक तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आ सकती है।

इस साल अब तक राज्य में सामान्य से बहुत कम ठंड पड़ी है लेकिन अब ठंड का इंतजार खत्म हो चला है। दिसंबर महीने में ठंड न के बराबर पड़ी है।

इसे भी पढ़ेंः गंगासागर में ममता ने केंद्र को कोसा, बोलीं 10 पैसा का बतासा देकर भी मदद नहीं करती केंद्र सरकार

बुधवार को अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि मकर संक्रांति के पहले तक कम से कम 10 दिनों तक राज्य में ठंड पड़ेगी और तापमान गिरने का सिलसिला जारी रहेगा।

शहर का आज न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा है जो सामान्य के करीब है जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री नीचे 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

कोलकाता के साथ-साथ हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।

उम्मीद लगायी जा रही है कि तापमान में गिरावट होगी। उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में तापमान पहले से ही कम है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे राज्य में मकर संक्रांति तक तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिसके कारण ठंड और बढ़ेगी।

Alipore Meteorological Departmentअलीपुर मौसम विभागकड़ाके की ठंडतापमान में गिरावट