कुड़मियों को हटाने गई पुलिस ने किया लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे

पत्थरबाजी में डीएसपी, बीडीओ सहित कई घायल

पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत घाघरा हाल्ट से आंदोलन कर रहे कुड़मियों को हटाने के लिए पहुंची पुलिस के साथ बुधवार की रात आंदोलनकारियों की झड़प हो गई। पुलिस ने रेल ट्रैक जाम कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया, तो आंदोलनकारियों ने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसमें पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी गंभीर रूप से चोटिल हो गए। बाद में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। आंसू गैस के गोले दागे जाने के बाद आंदोलनकारी रेलवे ट्रैक खाली करके दूसरी ओर चले गए। इस दौरान डीएसपी, बीडीओ और कई जवान घायल हो गए हैं। आंदोलन कर रहे लोगों में कितने लोगों को चोटें आईं हैं, इसकी पुख्ता जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।

बताया जाता है कि रात देर रात रेल चक्का जाम हटाने को लेकर प्रशासन कुड़मी समाज के लोगों से वार्ता कर रही थी। प्रशासन ने लोगों से रेल चक्का जाम हटाने की अपील की जा रही थी। खुद एसडीओ रीना हांसदा मौके पर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक से पत्थरबाजी शुरू हुई, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी रेल पटरी पर भीड़ लगाये कुड़मी समाज के लोगों पर लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुए इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल में अंधेरा होने के कारण मामला स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने रात में ही पूरे रेल पटरी से जाम हटा दिया था।

जाम स्थल पर एसडीओ रीना हांसदा द्वारा धारा 144 लगा दी गयी थी और लगातार जामकर्ताओं से रेल चक्का जाम हटाने की अपील की जा रही थी। एसडीओ का कहना था कि जाम से नहीं हटने पर उनपर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, लेकिन प्रशासन का कोई भी बात नहीं मान रहा था। तभी अचानक पत्थरबाजी के बाद लाठीचार्ज हो गया जिसमें कई लोगों के घायल हो गए।

 

ये भी पढ़ें : प्रधानमंत्री 24 सितंबर को करेंगे रांची-हावड़ा वंदे भारत का उद्घाटन