झारखंड वासियों को अभी भीषण गर्मी से राहत नहीं, राज्य में 19 जून को मानसून आने की संभावना

रांची : झारखंड में जून का महीना जानलेवा बन गया है। पूरा राज्य तप रहा है। राज्य के कई जिलों में भीषण गर्मी को लेकर रेड अलर्ट जारी है। इस बीच मानसून फिर अटक गया है। अब राज्य में मानसून 19 जून को आने की संभावना है। बता दें कि इससे पहले 17 जून को राज्य में मानसून ने प्रवेश करना था, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून 19 जून के आसपास आने की संभावना है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून की मौजूदा प्रगति धीमी है। 16 जून के बाद इसमें तेजी आने की संभावना है और 19 जून के आसपास झारखंड में मानसून के आने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक ने बताया कि मानसून फिलहाल सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग में अटका हुआ है। भीषण गर्मी की बात करें तो राज्य के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी का कहर जारी है। राज्य के 14 जिलों में बीते शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार रहा। वहीं रांची का पारा 41 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में 17 जून तक लू की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने 16 जून को पलामू, गढ़वा, और कोल्हान के सरायकेला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कहीं-कहीं तेज हवा और गरज के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

ये भी पढ़ें : मासिक होना समस्त स्त्री जाति के लिए प्रजनन क्षमता का आधार है : डॉ गोडसोरा मूर्मू