तूफान क्लब काली पूजा समिति काल्पनिक पंडाल का कर रही निर्माण

रांची : राजधानी के करम टोली स्थित अहीर टोली स्थित तूफान क्लब काली पूजा समिति इस साल काल्पनिक पंडाल का निर्माण कर रही है। इसमें मां काली की प्रतिमा के साथ लगभग 300 मूर्तियां पंडाल में विराजमान होंगे, जो आकर्षण का केंद्र होगा। पंडाल के चारों तरफ देवी-देवताओं और राक्षसों की मूर्तियां स्थापित की जाएगी। क्लब के मीडिया प्रभारी संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पंडाल की ऊंचाई 35 फीट और चौड़ाई 40 फीट है। बंगाल के कारीगरों के जरिये पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। पंडाल की लागत 8-10 लाख रुपये आंकी गयी है। मूर्तिकार रामचंद्र पाल के जरिये आठ फीट की मां काली की मूर्ति बनाई जा रही है। परिसर में लोगों के मनोरंजन के लिए भी विभिन्न तरह के झूले जिसमें ड्रैगन, ब्रेकडांस, नाव, जाइंट व्हील बड़ा, मिकी माउस जैसे झूले लगाए गए हैं। 12 नवंबर को मां काली की पूजा, 13 नवंबर को शाम पांच बजे महाआरती और खिचड़ी भोग वितरण किया जाएगा। 14 नवंबर को शाम छह बजे से संध्या आरती खीर महाभोग वितरण और जागरण किया जाएगा।

 

ये भी पढ़ें : बोकारो के प्रधान जिला जज बने संतोष कुमार