लेवी वसूलने आए TSPC एरिया कमांडर दस्ते के दो नक्सली गिरफ्तार

रांची : रांची की बुढ़मू पुलिस फिर बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार को लेवी वसूलने पहुंचे टीएसपीसी के एरिया कमांडर दिवाकर गंझू उर्फ प्रताप जी के दस्ता के सक्रिय सदस्य बड़कागांव थाना क्षेत्र के देवगढ़ निवासी बादल गंझू और बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेडंडा निवासी प्रिंस जयसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बादल गंझू और प्रिंस जायसवाल के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली और दो मोबाइल के साथ सोमवार रात में उमेडंडा से गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को सूचना मिली थी कि दो नक्सली उमेडंडा शिव मंदिर के पास लेवी वसूली के लिए आये हुए हैं और लेवी लेने के लिए कुछ लोगों को बुला रहे है। सूचना मिलने के बाद में डीएसपी खलारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस दलबल के साथ उमेडंडा शिव मंदिर के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही बादल और प्रिंस भागने लगे। जिसे पुलिस बल के सहयोग से हथियार और मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया गया। बादल गंझू पर बड़कागांव, केरेडारी और पतरातु थाना क्षेत्र में रंगदारी वसूलने, अवैध हथियार रखने और पुलिस बल पर हमला करने सहित कई अन्य आरोपों में मामला दर्ज है। वहीं प्रिंस जयसवाल पर बुढ़मू थाना में लूटपाट करने सहित अन्य आरोपों में मामला दर्ज है। छापेमारी दल में डीएसपी रामनारायण चौधरी, थाना प्रभारी रामजी कुमार, पुअनि संजीव कुमार, सअनि आशीष रंजन, रघुनंदन मंडल और संतोष दास शामिल हैं। हाल के समय में पुलिस और सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ सफलता हाथ लगी है।

ये भी पढ़ें : भाजयुमो ने 2 पदाधिकारियों को किया निलंबित