बंगाल में हम करेंगे ‘लड़ाई’ का नेतृत्व : ममता

भाजपा पर प्रहार लेकिन टीएमसी ने कांग्रेस को दिया संदेश

कोलकाता, सूत्रकार :  लोकसभा चुनाव 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी के सामने विपक्षी इंडिया गठबंधन का फेस कौन होगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। इंडिया गठबंधन में शामिल तमाम घटक दलों के नेता चाहते हैं कि उनकी पार्टी के चीफ को पीएम उम्मीदवार घोषित किया जाए। इस सबके बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बड़ा बयान दिया है, जो सीट शेयरिंग की तरफ इशारा कर रहा है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उत्तरी 24 परगना में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन देशभर में भाजपा से मुकाबला करेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस लड़ाई का नेतृत्व उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस करेगी।

इस दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी पर नागरिकता के नाम पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगया। उन्होंने कहा कि बीजेपी सियासी फायदे के लिए नागरिकता के मुद्दे का इस्तेमाल कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि भारत अब एक ऐसा लोकतंत्र है जो केंद्रीय एजेंसियों द्वारा संचालित हो रहा है।

हमें सभी धर्मों का सम्मान करने की जरूरत

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को इशारे-इशारे में केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी की विचारधाराओं से परे सभी धर्मों के सम्मान के महत्व पर जोर दिया है। उत्तर 24 परगना जिले के चकला में बाबा लोकनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचीं सुश्री बनर्जी ने कहा कि चुनाव के दौरान धर्मों का राजनीतिकरण बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के कोई भी धर्म हिंसा की वकालत नहीं करते बल्कि करुणा, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। किसी का नाम लिए बिना तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि हमें सभी धर्मों का सम्मान करना चाहिए। दुनिया का कोई भी धर्म हमें हिंसा का प्रचार करना नहीं सिखाता। सभी धर्म हमें अधिक दयालु होना तथा प्रेम और भाईचारा फैलाना सिखाते हैं। हम केवल चुनाव आने पर या राजनीति करने के लिए धर्मों का सम्मान करने में विश्वास नहीं करते हैं।

पार्टी में आपसी गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी

लोकसभा चुनाव 2024 से पहले उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस को दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को आयोजित कर्मी सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचीं राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिले में चल रही तृणमूल कांग्रेस की आपसी गुटबाजी के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की और इस गुटबाजी में शामिल तृणमूल नेताओं को कड़ा संदेश दिया। ममता बनर्जी ने साफ कहा कि पार्टी में आपसी गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, उत्तर 24 परगना जिले में बार-बार तृणमूल कांग्रेस में आपसी गुटबाजी खबरें आ रही हैं। हाल ही में विधायक सोमनाथ श्याम और सांसद अर्जुन सिंह की बयानबाजी के तृणमूल खेमा काफी असहज हो गया था। कई बैठकों के बाद भी विवाद का समाधान नहीं हो सका है।

हालांकि मंच से सीएम ने किसी का नाम तो नहीं लिया लेकिन उन्होंने कहा कि मैं कोई भी झगड़ा बर्दाश्त नहीं करूंगी। कुछ नेता खुद को बहुत बड़ा समझने लगे हैं और वे किसी की परवाह नहीं करते हैं। हमें मैदान में उतरकर लोगों की सेवा करनी चाहिए, अपनी नहीं।

ममता ने पार्टी नेताओं और मंत्रियों को जनसंपर्क बढ़ाने का निर्देश दिया और कहा कि मंत्रियों को जिले का अधिक दौरा करना चाहिए। लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें। यदि आवश्यक हो तो चाय की दुकान पर बैठें। लोकसभा चुनाव से पहले ममता ने पुराने और नए नेताओं को मिलकर काम करने का संदेश भी दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ नेताओं का अनादर नहीं किया जा सकता। ममता ने तृणमूल की आपसी टकराव गुटबाजी को रोकने के लिए एक कोर कमेटी भी बनाई।

CM Mamata Banerjeepm narendra modiWest Bengal Chief Minister Mamata Banerjeeपश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जीपीएम नरेंद्र मोदीसीएम ममता बनर्जी